बरेली। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शनिवार को बरेली पहुंचे। यहां सर्किट हाउस मे हुई प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव एसआईआर पर अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। जबसे वह बिहार से हारकर आए है। तब से उनका मानसिक संतुलन बिगड़ गया है। उन्हें अच्छे से इलाज कराना चाहिए। केशव मौर्य ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद भाजपा ने महाराष्ट्र, हरियाणा, दिल्ली और बिहार के विधानसभा चुनाव जीते है। उन्होंने दावा किया कि अब पश्चिम बंगाल मे भी भाजपा की जीत तय है और 2027 मे उत्तर प्रदेश मे फिर से प्रचंड बहुमत की सरकार बनेगी। सपा को और भी करारी हार का सामना करना पड़ेगा। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ लोगों को राम का नाम लेने में दिक्कत हो रही है, ऐसे लोग ही इस योजना का विरोध कर रहे हैं। विपक्ष के पास जनता के सामने प्रस्तुत करने के लिए न तो कोई ठोस नीति है और न ही कोई उपलब्धि। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों के कार्यकाल में भ्रष्टाचार और तुष्टीकरण की राजनीति हावी रही, जबकि वर्तमान सरकार पारदर्शिता, जवाबदेही और विकास के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। पश्चिम बंगाल के मुद्दे पर डिप्टी सीएम ने कहा कि वहां, जिस तरीके से कार्रवाई को रोका गया है, उससे भ्रष्टाचार की पुष्टि होती है।।
बरेली से कपिल यादव
