एक सप्ताह में लाभार्थियों की पेंशन आधार से लिंक हो जाए- मंडलायुक्त

बरेली। गुरुवार को मंडलायुक्त संयुक्ता समद्दार की अध्यक्षता मे आयुक्त सभागार मे सोशल सेक्टर व शिक्षा से संबंधित मंडलीय बैठक सम्पन्न हुई। मंडलायुक्त ने उपनिदेशक समाज कल्याण, दिव्यांग कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण तथा महिला कल्याण विभाग को निर्देश दिए कि पेंशन योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों का एक सप्ताह के अंदर अधिक से अधिक आधार फीडिंग का कार्य कराया जाए। उन्होंने आधार फीडिंग मे जनपद बरेली व बदायूं की प्रगति कम होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी मंडलीय अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत विद्यालयों के स्तर पर बड़ी संख्या में आवेदन पत्र लंबित होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संयुक्त शिक्षा निदेशक को निर्देश दिए कि प्रतिदिन समीक्षा कर 15 नवंबर तक शत प्रतिशत आवेदनों का अग्रसारित कराया जाए। उन्होंने उपनिदेशक महिला कल्याण को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के अंतर्गत कक्षा 1, 6 व 9 एवं डिग्री कॉलेजों में नामांकित छात्राओं में से पात्र छात्राओं को चिन्हित किया जाए। समस्त जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि जनपद में जर्जर पाए गए विद्यालय के भवनों को तत्काल ध्वस्तीकरण कराकर निस्तारण कराएं। विद्यालयों में अभी तक विद्युतीकरण नहीं किया गया है। जिसकी दूरी 40 मीटर से कम है उन सभी विद्यालयों का तत्काल विद्युतीकरण कराया जाए। जनपद बरेली के ग्राम रिछा में आईटीआई भवन का निर्माण कार्य पूर्ण होने पर प्रधानाचार्य आईटीआई द्वारा हैंडओवर नही लिया गया है जिस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए शीघ्र आईटीआई भवन को हैंडओवर लिए जाने के निर्देश दिए। बैठक मे संयुक्त विकास आयुक्त प्रदीप कुमार, संयुक्त शिक्षा निदेशक अजय कुमार द्विवेदी, उप निदेशक समाज कल्याण अजय वीर सिंह, उप निदेशक महिला कल्याण नीता अहिरवार, उप निदेशक दिव्यांग, मंडल के समस्त जिला विद्यालय निरीक्षण तथा जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित अन्य सम्बंधित अधिकारी उपस्थित रहे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *