एक को कुत्ते ने काटा, दूसरे को बंदरों ने दौड़ाकर छत से गिराया

बरेली। बंदरों व कुत्तों के हमले बढ़ गए है। कुत्ते के काटने और बंदरों के दौड़ाने से घायल दो लोग जिला अस्पताल में भर्ती कराए गए है। थाना कैंट क्षेत्र के उमरसिया गांव निवासी 35 वर्षीय संजू पर कुत्ते ने हमलाकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। भाई महेश ने बताया कि संजू सेनेटरी का काम करता है और काम के सिलसिले मे सुभाषनगर की ओर जा रहा था। बालाजी धाम के पास एक कुत्ते ने अचानक संजू पर हमला कर दिया। हमले में उसके दाएं पैर में गहरा जख्म हो गया और खून बहने लगा। परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और उसे अस्पताल में भर्ती कराया। शहर के कालीबाड़ी निवासी 35 वर्षीय संजय शनिवार शाम घर में काम कर रहे थे। इसी दौरान बंदरों का झुंड उनकी छत पर आ गया और सामान तोड़ने लगा। बंदरों को भगाने के लिए वह छत पर पहुंचे तो बंदरों ने उन्हें दौड़ा लिया। संतुलन बिगड़ने से संजय कमजोर दीवार सहित दूसरी मंजिल से नीचे गिर गए। उनके दोनों पैरों में फ्रेक्चर बताया जा रहा है। पत्नी ने तुरंत एंबुलेंस से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र मे बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे आए दिन इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं। लोगों ने नगर निगम से बंदरों को पकड़वाने की मांग की है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *