लखनऊ- उत्तर प्रदेश सरकार के अधीन समस्त शासकीय विभागों एवं निगमों/ बोर्डों/ संस्थानों व सार्वजनिक उपक्रमों में कार्यरत समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सेवा का इतिहास मानव सम्पदा पोर्टल पर सभी प्रविष्टियों को अद्यतन कर एक अक्टूबर से सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सभी प्रकार के अवकाश आनलाइन स्वीकृत किए जाएंगे। इस प्रकार के आदेश मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा ने शासन के सभी अपर मुख्य सचिव/ प्रमुख सचिव को आज जारी कर दिए हैं तथा आदेशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
शासन द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ई सेवा पुस्तिका में सेवा से सम्बन्धित सभी प्रविष्टियों जैसे एसीपी की स्थिति, स्थानान्तरण की स्थिति, दिव्यांगता , पति पत्नी का शासकीय सेवा में होना, बच्चों के गम्भीर रोगों से ग्रस्त होने, जांच आदि की स्थिति, दण्डादेश की स्थिति आदि विवरण को अद्यतन किया जाएगा और वर्ष 2024 में पोर्टल के माध्यम से मेरिट बेस्ड आनलाइन स्थानान्तरण किए जाएंगे। आदेश में यह भी कहा गया है कि अब डीडीओ पोर्टल को मानव सम्पदा पोर्टल से लिंक कर दिया जाएगा ताकि उसी अधिकारी/कर्मचारी का वेतन डीडीओ पोर्टल से आनलाइन आहरित हो सके जो सम्बन्धित डीडीओ के अधीन कार्यरत हैं।
एक अक्टूबर से आनलाइन होंगे स्थानान्तरण एवं स्वीकृत होंगे अवकाश
