उत्तरकाशी मे हेलीकॉप्टर क्रैश मे बरेली की इंजीनियर बेटी और मां की मौत

बरेली। उत्तराखंड मे चारधाम यात्रा के दौरान उत्तरकाशी में हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने से बरेली की रहने वाली बुजुर्ग महिला और उनकी इंजीनियर बेटी की मौत हो गई। बुजुर्ग महिला पति की मौत के बाद से बेटी के पास मुंबई रहती थीं। बता दें कि उत्तराखंड में गंगोत्री से यमुनोत्री के बीच उत्तरकाशी में श्रद्धालुओं से भरा हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सवार सभी छह लोगों की मौत हो गई। इनमें आलमगिरीगंज की रहने वाली 79 वर्षीय राधा अग्रवाल और 56 वर्षीय उनकी बेटी रुचि अग्रवाल भी थी। रुचि अग्रवाल केमिकल इंजीनियर थी और 2504 ओडेसी 2 हीरानंदानी गार्डेंस पावई, मुंबई की रहने वाली थी। गुरुवार की दोपहर हादसे की जानकारी होने पर आलमगीरीगंज निवासी उनके परिवार के लोगों मे कोहराम मच गया। बड़ी संख्या मे लोग निवास स्थान पहुंचने लगे। हादसे की जानकारी बरेली पुलिस ने राधा अग्रवाल के घर पहुंचकर परिजनों को दी थी। राधा के पति रामचंद्र अग्रवाल का निधन 2022 मे हो गया था। पति की मौत के बाद से राधा अग्रवाल बेटी रुचि के साथ मुंबई मे रहती थी। यहां बहुत कम आती थी। रुचि के पति भी मुंबई में केमिकल इंजीनियर हैं। रूचि मुंबई से ही मां राधा के साथ चारधाम यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर से निकली थी लेकिन गुरुवार को उत्तरकाशी में हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया। जिसमें मां-बेटी की भी जान चली गई थी। राधा के भतीजे सर्राफा कारोबारी उमंग अग्रवाल ने बताया कि ताऊ के निधन के बाद से ताई बेटी के साथ मुंबई में रहने लगी थीं। कोतवाली पुलिस के माध्यम से परिवार को घटना की जानकारी मिली। वह परिवार के साथ शव लेने के लिए उत्तरकाशी जाएंगे। राधा के परिवार के जिले में दो इंटर कॉलेज हैं। हादसे की खबर मिलते ही आलमगीरीगंज में शोक की लहर दौड़ गई।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *