बरेली। मंगलवार से जेठ महीने की शुरुआत होने जा रही है। महीने की शुरुआत से ही लोगों को तपती गर्मी झेलनी पड़ेगी। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों मे पारा तेजी से चढ़ने की भविष्यवाणी की है। पश्चिमी विक्षोभ थमने के बाद निकल रही चटक धूप अब गर्मी का अहसास कराने लगी है। मौसम विभाग ने दो दिन बाद दिन का तापमान 40 डिग्री के पार पहुंचने का अनुमान जताया है। सोमवार को अधिकतम तापमान सामान्य स्तर पर 37.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। दिन में आसमान से आग बरसती रहा तो रात में भी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञ अतुल कुमार के अनुसार करीब सप्ताह भर तक बादल मंडराने से लोगों को धूप से राहत मिली। अब पछुआ हवा का प्रवेश थमने से बादलों का जमावड़ा थम गया है। जिससे तापमान में बढ़त हो रही है। दो दिन मे तापमान दो से चार डिग्री बढ़त दर्ज करा सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक 15 जून के बाद मानसून का आगमन होगा, इससे पहले तक गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। सोमवार को भी भीषण गर्मी से लोग बेहाल हो गए। दिन में तेज गर्म हवाएं भी चली। वहीं रविवार रात में भी लोग गर्मी से बेहाल हुए। जिले में अधिकतम तापमान सामान्य से 1.3 डिग्री सेल्सियस कम 37.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 1.3 डिग्री सेल्सियस अधिक 26.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान हवा में नमी सुबह 57 प्रतिशत और शाम को 29 प्रतिशत दर्ज की गई। आंचलिक मौसम केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार से पारे में बढ़ोत्तरी शुरू होगी जो 40 डिग्री तक पहुंच सकता है। बुधवार को तीन डिग्री की और बढ़ोतरी के साथ 43 डिग्री और गुरुवार और शुक्रवार को पारा 45 डिग्री पहुंचने का पूर्वानुमान है। इन दोनों दिन हीट वेव चलने का अलर्ट है। इस दौरान रात का तापमान भी चार डिग्री तक बढ़ सकता है। इसके बाद शनिवार और रविवार को बारिश होने का पूर्वानुमान है, इससे पारे में कुछ गिरावट होगी।।
बरेली से कपिल यादव