बरेली। जिला अस्पताल मे मंगलवार को आधा दिन की ओपीडी का संचालन किया गया। अवकाश की वजह से 12 बजे तक ओपीडी रही। कई मरीजों को इसकी जानकारी नही थी और 12 बजे के बाद ओपीडी में इलाज कराने पहुंचे। बुखार पीड़ित तीन गंभीर मरीजों को परिजन इमरजेंसी ले गए। ओपीडी में बुखार के साथ ही खांसी, जुकाम के मरीजों की संख्या अधिक रही। मौसम में तेजी से हो रहे बदलाव और ठंड के बढ़ते असर के बीच जोड़ों-हड्डी में दर्द के मरीजों की संख्या भी बढ़ गई है। मंगलवार को आधा दिन ओपीडी में बुखार, सर्दी, जुकाम के करीब 220 मरीज इलाज कराने जिला अस्पताल पहुंचे। इसमें बुजुर्गों की संख्या अधिक रही। दोपहर 12 बजे ओपीडी बंद हो गई। उसके बाद भी मरीजों का आना जारी रहा। जबकि पर्चा बनना 11:30 बजे ही बंद हो गया था। गंभीर मरीजों का परिजन इमरजेंसी लेकर गए और उनको डॉक्टर को दिखाया। वही नवंबर के अंत से ठंड ने जोर पकड़ा तो जिला अस्पताल के बच्चा वार्ड में भर्ती हुए चार बच्चों में निमोनिया के लक्षण मिल चुके हैं, वहीं दो बच्चे निमोनिया से ग्रसित होने पर उनका इलाज किया गया है। हालांकि अभी विंटर डायरिया की पुष्टि किसी भी बच्चे में नहीं हुई है।।
बरेली से कपिल यादव
