आठवीं की छात्रा चांदनी बनी एक दिन की बीएसए

बरेली। मिशन शक्ति कार्यक्रम के तहत बेसिक शिक्षा विभाग की पहल पर कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय नगर क्षेत्र की कक्षा आठ की छात्रा चांदनी ने मंगलवार को एक दिन के लिए बीएसए का पदभार संभाला। किसान की बेटी चांदनी सीमित संसाधनों के बावजूद पढ़ाई में होनहार हैं। इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें बड़े सपने देखने के लिए प्रेरित करना है। बीएसए की कुर्सी संभालने के बाद चांदनी ने अधिकारियों और कर्मचारियों से विद्यालयों की व्यवस्थाओं, बालिकाओं की शिक्षा बेहतर बनाने के प्रयासों और कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं की भी जानकारी ली। साथ ही बालिकाओं के भविष्य को बेहतर बनाने के लिए जरूरी कदम उठाने के सुझाव दिए। चांदनी ने अपने जैसे साधारण परिवारों की बालिकाओं को बेहतर शिक्षा देने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि एक दिन के लिए बीएसए बनना उनके जीवन का सबसे यादगार दिन है। उनका सपना भारतीय सेना में शामिल होकर देश की सेवा करना और अपने माता-पिता का नाम रोशन करना है। इस मौके पर बीएसए डॉ. विनीता ने चांदनी का स्वागत किया और उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। खंड शिक्षा अधिकारी, नगर क्षेत्र विजय कुमार ने चांदनी का उत्साहवर्धन किया।।

— बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *