बरेली। सपा नेता आजम खां के करीबी सरफराज वली खान के दो बरातघरों के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई सोमवार को बरेली विकास प्राधिकरण की टीम न पहुंचने से अंतिम समय में स्थगित हो गई। बीडीए की कार्रवाई के चलते पुलिस फोर्स ने मोर्चा संभाल लिया था। बुलडोजर कार्रवाई की आशंका में मोहल्ले में खलबली मची रही। कार्रवाई टलने से लोगों ने राहत की सांस ली। सूफी टोला स्थित सरफराज वली खान के गुड मैरिज व एवान-ए-फरहत के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के लिए बरेली विकास प्राधिकरण ने नोटिस जारी किए थे। कार्रवाई के लिए पुलिस फोर्स भी मांगी गई थी। गुड मैरिज हॉल और एवान ए-फरहत मैरिज हॉल के बाहर सोमवार को सुबह करीब 11 बजे भारी पुलिस बल पहुंच गया। पुलिस की कार्रवाई की आशंका में आसपास के लोग जुटने लगे। इलाका संकरा होने के कारण बड़ी संख्या में लोग गली के बाहर एकत्र होने लगे। इस दौरान पुलिस के जवान लगातार लोगों को समझाकर एकत्र न होने को कहते नजर आए। सभी के जहन में एक ही सवाल था कि कुछ ही देर में बीडीए की टीम मौके पर आकर बुलडोजर कार्रवाई आरंभ करेगी, लेकिन दोपहर 1 बजे तक जब टीम यहां नही पहुंची तो पुलिस फोर्स भी मौके से रवाना हो गई। फिलहाल कार्रवाई को स्थगित किया गया है। वही सूफीटोला में सोमवार को बीडीए टीम के न पहुंचने से कार्रवाई जरूर टली, लेकिन बुलडोजर कार्रवाई की आशंका साफ दिखी। सभी एक-दूसरे से कार्रवाई होने को लेकर टोह लेते रहे। संचालक बरातघरों से सामान बाहर निकालते रहे।।
बरेली से कपिल यादव
