बरेली। आंगनबाड़ी कार्यकत्री एंव सहायिका वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से गुरुवार को सेठ दामोदर स्वरुप पार्क में धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकत्रियों और सहायिकाओं ने मांगों को लेकर नारेबाजी करते हुए पार्क से कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च भी निकाला। वहीं 10 सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन कलेक्ट्रेट में अधिकारी को सौंपा। इस दौरान सरकारी कर्मचारी का दर्जा, महंगाई भत्ता देने, मेडिकल अवकाश, रिटायरमेंट की आयु 65 वर्ष करने सहित कई मांगों को उठाया। मुख्यमंत्री को संबोधित दस सूत्रीय ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी प्रवीण जौहरी को सौंपा। अध्यक्ष ओमवती गंगवार ने कहा है कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं महिला एवं बाल विकास विभाग की आधारशिला के रूप में कार्य करते हुए पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा, टीकाकरण, मातृ-शिशु देखभाल सहित केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का क्रियान्वयन कर रही है। बावजूद आज भी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को न पूर्णकालिक सरकारी कर्मचारी का दर्जा मिला और न उन्हें वैधानिक सामाजिक सुरक्षा एवं सम्मानजनक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि मांगों से संबंधित ज्ञापन सरकार को अनगिनत बार दिए गए लेकिन आज तक कोई ठोस एवं सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया। गुरुवार को आंदोलन की पूर्व सूचना भी प्रशासन को दी गई लेकिन कोई सकारात्मक प्रतिक्रिया नही की गई। पदोन्नति मे आयु-सीमा की बाध्यता समाप्त करने, पोषण ट्रैकर पर ऑनलाइन कार्य करने के लिए उच्च गुणवत्ता का 5 जी मोबाइल फोन की खरीद के लिए 20 हजार देने, प्रतिमाह रिचार्ज एवं डाटा भत्ता प्रदान करने की मांग की। इसके अलावा भर्तियां में निजीकरण, आउटसोर्सिंग बंद करने, आंगनबाड़ी केंद्रों के लाभार्थियों को 365 दिन गुणवत्तायुक्त पोषाहार उपलब्ध कराने और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों पर बीएलओ सहित अन्य विभागों के कार्य जबरन न थोपे जाने की मांग की। एजुकेटर भर्ती को बंद करने और विभागीय सुपरविजन की व्यवस्था को पारदर्शी एवं निष्पक्ष बनाने की भी मांग रखी। उन्होंने चेताया अगर केंद्र व राज्य सरकार की ओर से आंगनबाड़ी कर्मचारियों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय नही लिया तो आठ मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर पूरे प्रदेश की आंगनबाड़ी कर्मचारी लखनऊ कूच करेंगी। इस मौके पर नीता गंगवार, उर्मिला गंगवार, मीना शर्मा, मकसूम, शेरवानी, रामरती, आरती पाठक, अंजू, सुमन, ममता मौर्या, माला व शहनाज समेत जिले भर की कार्यकत्री धरना-प्रदर्शन मे शामिल हुई।।
बरेली से कपिल यादव
