अशरफ से मुलाकात मामले मे बरेली जिला जेल के जेलर और डिप्टी जेलर समेत सात सस्पेंड, दो गिरफ्तार

बरेली। प्रयागराज मे हुए उमेश पाल हत्याकांड को लेकर बरेली जेल मे बंद माफिया अतीक अहमद के भाई अशरफ से मुलाकात मामले मे बरेली जिला जेल के जेलर और डिप्टी जेलर समेत सात लोगों को सस्पेंड कर दिया गया है। इसके अलावा पीलीभीत जेल मे तैनात एक बंदीरक्षक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। पिछले दिनो इस मामले मे जिला जेल के बंदीरक्षक शिवहरि अवस्थी और कैंटीन मे सामान सप्लाई करने वाले अशरफ के गुर्गे दयाराम को एसआईटी ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इस दौरान सामने आया कि बंदीरक्षक शिवहरि अवस्थी जेल अधिकारियों के कहने पर अशरफ से उसके गुर्गों की अकेले में मीटिंग कराता था। इस मामले में अशरफ, उसके साले सद्दाम, लल्ला गद्दी, बंदीरक्षक शिवहरि अवस्थी, कैंटीन के सामान सप्लायर दयाराम और जेल के अधिकारियों – कर्मचारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। जेल अधिकारियों की भूमिका की जांच के लिए डीआईजी जेल आरएन पांडेय को जांच सौंपी गई थी। उन्होंने सोमवार को डीजी जेल आनंद कुमार को सौंपी रिपोर्ट मे जेल अधीक्षक राजीव शुक्ला, जेलर राजीव कुमार मिश्र, डिप्टी जेलर दुर्गेश प्रताप सिंह और कुष्ण मुरारी को दोषी बताया था। उसके आधार पर डीजी जेल ने जेलर राजीव कुमार मिश्र और डिप्टी जेलर दुर्गेश प्रताप सिंह को सस्पेंड कर दिया है। बाकी अधिकारियों पर कार्रवाई का अभी कोई निर्णय नही हुआ है। इसके अलावा डीआईजी जेल आरएन पांडेय ने सोमवार को पांच बंदी रक्षक शिवहरि अवस्थी, मनोज गौड़, ब्रजवीर सिंह, दानिश मेंहदी और दलपत सिंह को सस्पेंड कर दिया है। शिवहरि अवस्थी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार करके जेल भेज चुकी है। मनोज गौड़ को सोमवार को गिरफ्तार किया गया है। करीब महीने भर पहले बरेली से ट्रांसफर होने के बाद मनोज इन दिनों पीलीभीत जेल मे तैनात था। सोमवार को पुलिस ने बारादरी के मोहल्ला चक महमूद में रहने वाले मोहम्मद सरफुद्दीन को भी गिरफ्तार किया है। सरफुद्दीन बंदी रक्षक मनोज की मदद से जेल मे अशरफ का सामान पहुंचाता था और बिना पर्ची बनवाए मुलाकात कराता था। उनके कब्जे से तीन मोबाइल भी बरामद किए गए है। इस मामले में एसआईटी चार आरोपियों को पहले भी जेल भेज चुकी है। इनमें बंदीरक्षक शिवहरि अवस्थी, कैंटीन के सामान सप्लायर दयाराम, फुरकान और राशिद शामिल है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *