अव्यवस्थाओं से नाराज कस्तूरबा स्कूल की छात्राएं भूख हड़ताल पर बैठी

बहेड़ी, बरेली। जनपद के थाना बहेड़ी क्षेत्र मे स्थित भुड़िया कॉलोनी कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की छात्राएं रविवार को अव्यवस्थाओं से नाराज होकर भूख हड़ताल पर बैठ गई। ग्रामीणों और शिक्षकों के समझाने पर छात्राओं ने भूख खत्म कर दी। जिसके बाद शिक्षकों ने उन्हे खाना खिलाया। बहेड़ी के भूड़िया कॉलोनी ग्राम उतरसिया सामुखिया के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में अव्यवस्थाओं से परेशान छात्राएं रविवार सुबह से भूख हड़ताल पर बैठ गई। विद्यालय में कुल 140 छात्राएं पंजीकृत है लेकिन वर्तमान मे केवल 70 छात्राएं मौजूद थी। छात्राओं का कहना था कि आवास की व्यवस्था बेहद खराब है। छात्राओं के लिए मात्र 40 बेड उपलब्ध हैं, जबकि शेष छात्राओं को जमीन पर सोने को मजबूर होना पड़ रहा है। आरोप है कि उन्हें समय पर बिजली, पानी, भोजन, स्टेशनरी और दैनिक उपयोग की सामग्री नहीं मिल रही है। पीने के पानी की समस्या बनी हुई है। बिजली कटौती के कारण पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। छात्राओं का कहना है कि कई बार शिकायत करने बावजूद कोई सुधार नही हुआ। विद्यालय मे आठ शिक्षक कार्यरत है। जिनमें तीन अंशकालिक शिक्षक शामिल है। छात्राओं ने विद्यालय इंचार्ज संगीता भास्कर पर पढ़ाई और रहन-सहन से जुड़ी आवश्यक सुविधाओं की अनदेखी का आरोप लगाया है। सूचना मिलने पर ग्रामीणों और शिक्षकों ने मौके पर पहुंचकर छात्राओं को समझाया, जिसके बाद उन्होंने भूख हड़ताल समाप्त कर भोजन ग्रहण किया। पानी की समस्या को लेकर ग्राम प्रधान संदीप सिंह ने दो दिन के भीतर हैंडपंप दुरुस्त कराने का आश्वासन दिया। इसी दौरान अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रद्युम्न गंगवार कार्यकर्ताओं के साथ विद्यालय पहुंचे और छात्राओं वार्ता कर अव्यवस्था दूर करने की मांग की। विद्यालय की प्रभारी संगीता भास्कर का कहना है कि छात्राओं की समस्याओं को गंभीरता से लिया गया है और जल्द ही सभी कमियों को दूर कराया जाएगा।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *