Breaking News

अभी तीन दिन नही मिलेगी भीषण गर्मी से राहत, वार्म नाइट का अलर्ट

बरेली। जनपद मे शनिवार को तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई लेकिन दिन के साथ रात मे भी गर्मी से राहत नही मिली। दिन में 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं से लोग बेहाल हो गए। मौसम विभाग ने अभी तीन दिन पारा 45 डिग्री और हीट वेव का अलर्ट जारी किया है। रविवार को वार्म नाइट का भी अलर्ट है। 19 जून से बारिश का पूर्वानुमान है। इसके बाद ही कुछ राहत मिलेगी। पिछले तीन दिनों से अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री पर ठहरा हुआ था। शनिवार को अधिकतम तापमान 1.1 डिग्री कम 43.3 डिग्री रहा लेकिन यह सामान्य से 5.9 डिग्री अधिक रहा। वही न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.7 डिग्री अधिक 29.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वही शनिवार की सुबह आर्द्रता 37 प्रतिशत व शाम को 29 प्रतिशत दर्ज की गई। आंचलिक मौसम केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि आगामी तीन दिन औसतन अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है। उन्होंने बताया कि शुष्क और गर्म पछुआ हवाओं और तीव्र सौर विकिरणीय ऊष्मन के कारण लू और उष्ण रात्रि की परिस्थितियां भी बनी रही। वर्तमान मौसमी परिदृश्य में 18 जून तक कोई परिवर्तन नहीं होगा। आगामी 4-5 दिनों के दौरान महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश और उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों के अलावा बिहार के कुछ हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *