अधिवक्ता महजबीन हत्याकांड: वकीलों ने दहेज हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग, प्रदर्शन

बरेली। जज की भतीजी अधिवक्ता महजबीन अंसारी के हत्यारोपी सभी ससुरालवालों की गिरफ्तारी न होने से नाराज परिजनों के साथ वकीलों ने मंगलवार को प्रदर्शन कर कलक्ट्रेट चौराहे पर जाम लगा दिया। उन्होंने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। करीब डेढ़ घंटे तक स्टेशन रोड पर दोनों ओर वाहनों की कतारें लगी रही। सीओ हाईवे ने वकीलों को समझाकर जाम खुलवा दिया लेकिन कलक्ट्रेट गेट पर भूख हड़ताल अब भी चल रही है। 27 नवंबर को एडवोकेट महजबीन की हत्या के मामले में पुलिस पति, सास और ससुर को जेल भेज चुकी है। मगर, परिजन नामजद सभी आरोपियों को जेल भेजने की मांग कर रहे हैं। सोमवार को महजबीन के चाचा अधिवक्ता अच्छन अंसारी परिवार के साथ कलेक्ट्रेट पर भूख हड़ताल पर बैठ गए थे। मंगलवार को उनके पक्ष में बड़ी संख्या में वकील एकत्र हुए। वकीलों ने लगभग दो बजे कलेक्ट्रेट चौराहे पर मानव श्रृंखला बनाई। मानव श्रृंखला के चलते जंक्शन रोड पूरी तरह से ब्लॉक हो गई। जिसके चलते स्कूली बसें वैन भी फंस गई। कोतवाली इंस्पेक्टर ने प्रदर्शन कर रहे अधिवक्ताओं से रास्ता खाली करने के लिए कहा तो वह भड़क गए और इंस्पेक्टर से जमकर कहासुनी हो गई। सूचना पर चार बजे सीओ हाईवे शिवम आशुतोष मौके पर पहुंचे। उनके आश्वासन के बाद वकीलों ने सड़क से हटने का फैसला किया। इसके बाद वकील एडवोकेट अच्छन अंसारी के धरना स्थल पर आ गए। वहां भी पुलिस से काफी देर तक वार्ता हुई। पुलिस के आश्वासन के बाद भी धरना समाप्त नही किया गया। वही मानव श्रृंखला के दौरान हम एक है। अधिवक्ता एकता जिंदाबाद के नारे गूंज रहे थे। हालांकि कई बार यह एकता तार-तार होते दिखी। रील बनाने का विरोध करने पर अधिवक्ता आपस में ही भिड़ गए। सीओ हाईवे ने बताया कि दहेज हत्या के इस मामले की विवेचना सीओ प्रथम कर रहे है। उन्हीं के स्तर से आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल उन्होंने वकीलों से वादा किया कि जिस भी आरोपी की हत्या के मामले में संलिप्तता मिलेगी, उस पर विवेचना में चार्जशीट दाखिल की जाएगी। महजबीन अंसारी के चाचा एडवोकेट अच्छन अंसारी रविवार से भूख हड़ताल पर बैठे हैं। उनकी हालत लगातार गिरती जा रही है। अभी तक उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराने की सुध नही ली गई है। इस बारे में सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह ने बताया कि उन्हें अभी तक इस तरह की भूख हड़ताल के बारे में कोई जानकारी विधिवत नहीं दी गई है। मीडिया के जरिये पता लगा है, अब जल्दी ही टीम भेजकर अधिवक्ता की स्वास्थ्य जांच कराई जाएगी।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *