बहेड़ी, नवाबगंज, आंवला। रामपुर मे अधिवक्ता की मौत से गुस्साए वकीलों ने गुरुवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। वकीलों का ज्ञापन लेने तहसील प्रशासन के किसी बड़े अफसर के न पहुंचने से वकीलों में नाराजगी और बढ़ गयी। वकीलों ने ज्ञापन कानूनगो को सौंपा। अधिवक्ताओं ने वकील की दिन दहाड़े हुई हत्या की घटना को गंभीर और दुर्भाग्यपूर्ण बताया। अधिवक्ता सुनील रस्तोगी के नेतृत्व में हुए विरोध प्रदर्शन में काफी संख्या में वकील मौजूद रहे। नवाबगंज एडवोकेट प्रैक्टिशनर्स एसोसिएशन ने गुरुवार को विरोध प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा।अधिवक्ताओं का कहना था कि 11 फरवरी को हुई वारदात ने अधिवक्ता समाज को झकझोर दिया है। यह घटना न्याय व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न खड़ा कर रही है। ज्ञापन में हत्यारोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, संपत्ति कुर्की की कार्रवाई, पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता, प्रदेश में एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट शीघ्र लागू करने की मांग की गई। वही आंवला बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने रामपुर मे अधिवक्ता फारुख अहमद खां की हत्या के विरोध मे तहसील परिसर में प्रदर्शन कर राज्यपाल को संबोधित एक ज्ञापन एसडीएम आंवला बिदुषी सिंह को सौंपा। सिविल बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन तहसीलदार बृजेश कुमार वर्मा को सौपा है।।
बरेली से कपिल यादव
