अग्निपथ के विरोध मे उतरे किसान और छात्र, बोले- युवाओं के साथ हो रहा खिलवाड़

बरेली। शुक्रवार को संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर देश भर मे किसान संगठन अग्निपथ योजना के विरोध मे धरना प्रदर्शन कर रहे है। इसी कड़ी मे बरेली मे भी किसान यूनियन ने प्रदर्शन किया। चौकी चौराहा के पास दामोदर पार्क मे भारतीय किसान यूनियन और परिवर्तनकामी छात्र संगठन ने संयुक्त रूप से अग्निपथ योजना के विरोध मे धरना प्रदर्शन किया और राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा। जिसमें अग्निपथ योजना को रद्द करने की मांग की गई है। इसके साथ ही आंदोलन के दौरान गिरफ्तार सभी युवाओं को रिहा करने और उन पर लगे मुकदमे वापस लेने की भी मांग की गई है। ज्ञापन मे कहा गया है कि अब सेना मे भर्ती सिर्फ 4 साल के कॉन्ट्रेक्ट की नौकरी के जरिए होगी। अग्निवीर नामक इन अस्थाई कर्मचारियों को न तो कोई रैंक दिया जाएगा और न ही चार साल के बाद कोई ग्रेच्युटी या पेंशन सेवा समाप्त होने के बाद दी जाएगी। इसके अलावा सिर्फ एक चौथाई अग्निवीरों को ही सेना मे पक्की नौकरी दी जाएगी। सेना मे भर्ती होने का सपना देख रहे युवाओं के साथ ही देश के किसान और मजदूर परिवारों के लिए भी बहुत बड़ा धोखा है। वहीं जो भर्ती प्रक्रिया 2020-21 मे शुरू हो चुकी थी। उसको बीच मे रोकना युवाओं के सपनों के साथ खिलवाड़ है। इस दौरान किसान और छात्रों ने सरकार के फैसले पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि इस योजना से साफ है कि सरकारी खर्चे पर नौजवानों को अग्निवीर बनाकर सरकार उन्हें अडानी, अंबानी और बाबा रामदेव जैसे लोगों को गार्ड के रूप में देना चाहती है। उन्होंने कहा कि अग्निपथ योजना को तुरंत निरस्त किया जाए। क्योंकि यह नौजवानों के हित में नही है। अगर अग्निपथ योजना ज्यादा प्रभावशाली है तो सरकार इसे राजनीतिक व्यक्तियों पर भी लागू करे। जिसमें चुनाव की अवधि पांच साल से घटाकर चार वर्ष और प्रत्याशी को सिर्फ एक बार चुनाव लड़ने का अवसर मिले। किसानों और छात्रों ने मांग करते हुए कहा कि ठेका प्रथा पर रोक लगाने के साथ ही सरकारी संस्थानों को बेचना बंद किया जाए और सेना और अर्ध सैन्य बलों समेत सरकारी विभागों में खाली पड़े सभी पदों पर स्थायी नियुक्तियां की जाएं।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *