बरेली। उत्तर प्रदेश के चुनाव को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह लगातार उत्तर प्रदेश के दौरे पर है। शुक्रवार को दिन मे जहां उन्होंने अयोध्या में भारतीय जनता पार्टी की जन विश्वास यात्रा मे भाग लिया। गृहमंत्री अमित शाह शाम साढ़े चार बजे विशेष विमान से बरेली के त्रिशूल एयरबेस पर पहुंचे। यहां उनकी अगवानी के लिए भाजपा नेता और तमाम अधिकारी मौजूद रहे। त्रिशूल एयरफोर्स स्टेशन से गृहमंत्री सर्किट हाऊस पहुंचे। जहां पार्टी पदाधिकारियों से मुलाकात के बाद वे जनविश्वास यात्रा के रोड शो में शामिल होने कुतुबखाना पहुंचे। कुतुबखाना से रोड शो शुरू हुआ। जन विश्वास यात्रा के दौरान उन्होंने बरेली के एक बड़े रोड शो मे भाग लिया। रोड शो में लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। अमित शाह अभी मिशन यूपी पर जुटे हुए है। लगातार जनसभाओं को संबोधित कर रहे हैं। इस दौरान वे समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव पर जोरदार हमले कर रहे है। बरेली की सड़कों पर जब भाजपा की जन विश्वास यात्रा का काफिला निकला तो भारी संख्या में लोगों की भीड़ जुटी। रैली में भारत माता की जय और जय श्री राम के नारे लग रहे थे। जगह-जगह पर भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से स्वागत केंद्र बनाए गए थे। वहां मौजूद कार्यकर्ता रोड शो के दौरान फूलों की बारिश करते हुए दिखाई दिए। रोड शो में केंद्रीय गृह मंत्री खुली गाड़ी में थे। भाजपा के पक्ष में जमकर नारेबाजी और गीत इस दौरान बजते रहे। अमित शाह ने कहा कि बरेली में आयोजित रोड शो उत्तर प्रदेश में भाजपा की प्रचंड विजय को प्रमाणित कर रहा है। जनसभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि सपा के राज में गुंडा राज था, माफियाराज था। 2017 में जब योगी जी के नेतृत्व में उनकी सरकार बनी, तब ये गुंडे और माफिया यहां से पलायन कर गए। पटेल चौक पर रोड शो से पहुंचे गृहमंत्री अमित शाह ने प्रमुख विपक्षी दल समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव पर हमला बोला। उन्होंने कहा समाजवादियों की एक इत्र की बोतल फैल गई तो अखिलेश यादव के पेट में मरोड़ हो रही है, क्योंकि उसमें से कालाधन निकल रहा है। उसमें सोना निकल रहा है। गृहमंत्री ने बरेली के लोगों से कहा कि बनारस जरूर जाएं और अब वहां गंगाजल आचमन के लायक भी हो चुका है। आप लोग कर सकते हैं। अयोध्या में राम मंदिर पर उन्होंने कहा कि जो लोग कहते थे मंदिर की तिथि नहीं बता रहे अब उन्हें बता रहा हूं कि मंदिर बन रहा है। ताकत है तो रोक लें। इसके बाद गृह मंत्री रोड शो के समापन की घोषणा की। गृहमंत्री के कार्यक्रम को लेकर बरेली में सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद कर दी गई है। अमित शाह के रोड शो को लेकर स्थानीय पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए थे। जगह-जगह पुलिस बल तैनात किया गया था, जो पूरे रोड शो पर कड़ी निगरानी रखे हुए था। नगर निगम में बने इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से भी निगरानी की जा रही है। साथ ही रोड शो शुरू होने के आधे घंटे पहले से रूट डायवर्ट कर दिए गये। रूट डायवर्जन रोड शो के समापन के आधे घंटे बाद तक चला। इस दौरान कई रूटों पर ई-रिक्शा तक को प्रतिबंधित किया गया था। ड्रोन कैमरों से रोड शो की निगरानी की जा रही है। अमित शाह के साथ केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, सांसद संतोष गंगवार, संघमित्रा मौर्य, कैंट विधायक राजेश अग्रवाल प्रदेश के राजस्व मंत्री छत्रपाल गंगवार, विधायक बहोरन लाल, डीसी वर्मा और सांसद धर्मेंद्र कश्यप रथ पर मौजूद रहे। इसके अलावा विधायक डीसी वर्मा, प्रदेश सह संगठन मंत्री कर्मवीर सिंह, अश्वनी त्यागी, संजीव चौरसिया, ब्रज बहादुर पाठक, संजीव अग्रवाल, गोपाल कृष्ण अग्रवाल, आलोक अवस्थी, दीपक सोनकर, नवल तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, महापौर डॉ उमेश गौतम, जिलाध्यक्ष पवन शर्मा, डॉ केएम अरोड़ा, देवेंद्र जोशी, प्रतेश पांडे, अधीर सक्सेना, बंटी ठाकुर, अरुण कश्यप, प्रभु दयाल लोधी, डॉ तृप्ति गुप्ता, सहित सभी मोर्चों के पदाधिकारी और मंडल अध्यक्ष भारी संख्या में मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव
