Breaking News

27 को निकलने बाली चित्रगुप्त जी की भव्य शोभायात्रा की सभी तैयारियां हुई पूर्ण

बरेली। अखिल ब्रह्मांड के न्यायाधिपति भगवान श्री चित्रगुप्त जी की विशाल व भव्य शोभायात्रा 27 अक्टूबर को बरेली में निकाली जायेगी। सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कायस्थ चेतना मंच की ओर से आयोजित इस शोभायात्रा की विस्तृत जानकारी आज एक प्रेस वार्ता में दी गई।
सिविल लाइंस के होटल ओबराय आनंद में हुई प्रेस वार्ता में संस्था के अध्यक्ष संजय सक्सेना ने बताया कि इस आयोजन को लगातार 16 सालों से किया जा रहा है। पहले यह शोभायात्रा किला साहूकारा से शुरु होकर बानखाना के भगवान श्री चित्रगुप्त जी के मंदिर पर समाप्त होती थी। कुतुबखाना पुल बनने के बाद गत वर्ष से शोभायात्रा का स्थान परिवर्तन किया गया है। अब शोभायात्रा त्रिवटी नाथ मंदिर प्रेमनगर से शाम चार बजे से आरंभ होगी। इसके बाद धर्मकांटा होते हुए कृष्ण लीला परिसर पर रुकेगी। जहां अतिथियों का स्वागत सत्कार किया जायेगा। इसके बाद पुन शोभायात्रा भारत सेवा ट्रस्ट के सामने से होकर चित्रगुप्त चौक कोहाड़ापीर पहुंचेगी तथा फिर बानखाना के गुद्दड़ बाग मंदिर पर जाकर यात्रा को विराम लगेगा। यहां पर यात्रा आरती के साथ संपन्न होगी।
अध्यक्ष संजय सक्सेना ने बताया कि शोभायात्रा में मुख्य अतिथि वन एवं पर्यावरण मंत्री डा. अरुण कुमार व पूर्व जीएसटी कमिश्नर व अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के राष्ट्रीय अध्य़क्ष डा. अनूप श्रीवास्तव होंगे।
इसके अलावा ब्रिगेडियर अनिल श्रीवास्तव, उद्योगपति अनिल सिन्हा, अधिवक्ता सुप्रीम कोर्ट धर्मेन्द्र प्रताप श्रीवास्तव, सीओ पंकज श्रीवास्तव, एसडीएम रत्निका श्रीवास्तव, आईएमए अध्यक्ष डा. अतुल श्रीवास्तव, विकास भवन के परियोजना निदेशक चन्द्र प्रकाश श्रीवास्तव समेत समाज की कई गणमान्य हस्तियां मौजूद रहेंगी।
प्रेस वार्ता में संस्था के संरक्षक अधिवक्ता अनिल कुमार, उद्यमी एवं पत्रकार डा. पवन सक्सेना, सीए राजेन विद्यार्थी भी मौजूद रहे। संस्था के महामंत्री अमित सक्सेना बिंदु ने बताया कि सभी तैयारियों को पूरा कर लिया गया है। कार्यक्रम अध्यक्ष भाजपा के महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना रहेंगे। शोभायात्रा में कई तरह के आकर्षण भी शामिल किए गए हैं।
संस्था के संरक्षक व कार्यक्रम संयोजक डा. पवन सक्सेना ने कहा कि शोभायात्रा में समस्त समाज के सभी भाई बहन आमंत्रित हैं। भगवान श्री चित्रगुप्त जी सृष्टि में सभी के कर्मफलों का हिसाब रखते हैं तथा न्यायाधिपति हैं। उन्होंने सभी से अपील करते हुए कहा कि अपने व अपने परिवार की मंगलकामना के लिए यह एक बेहद सुखद संयोग है जब सभी लोग भगवान श्री चित्रगुप्त जी के स्वरुपों का दर्शन कर सकते हैं। शोभायात्रा का शुभारम्भ प्रदेश के वन एवं पर्यावरण मंत्री डा. अरुण कुमार करेंगे। कई राजनेता, अधिकारी, व्यावसायी व समाज के गणमान्य जन बड़ी संख्या में इसमें हिस्सा लेंगे व भगवान का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।
प्रेस वार्ता में संस्था के महामंत्री अमित सक्सेना बिंदू, प्रदीप मधवार, महिला अध्यक्ष रचना सक्सेना, अनीता मुकेश, चमन सक्सेना, अनुजकांत सक्सेना आदि मौजूद रहे।

– बरेली से सचिन श्याम भारतीय

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *