बरेली। जनपद बरेली एक बार फिर रंग-बिरंगी रौनक से गुलजार होने जा रहा है। यहां की प्रसिद्ध सामाजिक विकास एवं मनोरंजन प्रदर्शनी का आयोजन इस बार 15 मई से 5 जुलाई तक किया जा रहा है। यह प्रदर्शनी न केवल स्थानीय नागरिकों के लिए एक बड़ा आकर्षण है, बल्कि आसपास के जिलों से भी लोगों को अपनी ओर आकर्षित करती है। इस बार प्रदर्शनी में खास बात यह है कि इसे नए और अनोखे अंदाज में सजाया गया है, जिसमें आधुनिकता और परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।
एफिल टावर से लेकर बरेली के झुमके तक – थीम आधारित सजावट
नुमाइश कमेटी के आयोजक अजय मोहन शर्मा ने बताया कि इस बार प्रदर्शनी को खास थीम बटरफ्लाइ पर सजाया गया है। प्रदर्शनी स्थल पर पेरिस के विश्वप्रसिद्ध एफिल टावर की झलक देखने को मिलेगी। इसके अलावा बरेली की सांस्कृतिक पहचान ‘झुमका’ को भी खास रूप से प्रस्तुत किया गया है। इन थीम आधारित सजावटों के माध्यम से न केवल मनोरंजन, बल्कि लोगों को सांस्कृतिक और वैश्विक दृष्टिकोण से जोड़ने का प्रयास किया गया है।
मनोरंजन के भरपूर साधन – झूले और सेल्फी पॉइंट्स
प्रदर्शनी में बच्चों और युवाओं के लिए खास तौर पर विभिन्न प्रकार के झूलों की व्यवस्था की गई है। ये झूले आधुनिक तकनीक से युक्त हैं और पूरी सुरक्षा के साथ संचालित किए जाएंगे। साथ ही सेल्फी लेने के शौकीनों के लिए आकर्षक बैकड्रॉप्स और कई ‘सेल्फी पॉइंट्स’ तैयार किए गए हैं, जिनमें एफिल टावर, बरेली का झुमका, रंग-बिरंगे बलून, बटर फ्लाइ, आई लव इंडिया और फूलों की थीम शामिल हैं। इसके अलावा भूत बंगला, सुपर ड्रैगन ट्रेन के साथ-साथ एक ओर विश्वास किचन वेयर और लड्डू चाइना स्टेशनरी सेंटर भी देखने को मिलेगा।
खानपान के विविध विकल्प – स्वाद का तड़का
प्रदर्शनी में भोजन प्रेमियों के लिए भी खास इंतजाम किए गए हैं। यहां पर विभिन्न प्रकार के खानपान के स्टॉल लगाए गए हैं, जिसमें उत्तर भारतीय, दक्षिण भारतीय, चाइनीज, फास्ट फूड के अलावा कई और व्यंजनों की भी विशेष प्रस्तुति की गई है। साथ ही स्थानीय स्ट्रीट फूड जैसे चाट, गोलगप्पे, समोसे, टिक्की भी लोगों को खूब भा रहे हैं। हरिद्वार के मशहूर चोटीवाला की तर्ज़ पर इटावा का फेमस चोटी वाला भी यहां मौजूद है।
सुरक्षा व्यवस्था और सुविधाएं
प्रदर्शनी स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। दोनों गेट पर सुरक्षा गार्ड और पुलिस प्रशासन मौजूद हैं। महिलाओं और बच्चों की विशेष सुरक्षा के लिए महिला सुरक्षाकर्मी की भी तैनात की गई हैं। पार्किंग की व्यवस्था को भी सुव्यवस्थित किया गया है, ताकि आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
स्थानीय लोगों में उत्साह
प्रदर्शनी की खबर सामने आते ही स्थानीय लोगों में उत्साह की लहर दौड़ गई है। दुकानदारों को भी इससे अच्छे व्यापार की उम्मीद है। खासकर गर्मियों की छुट्टियों के दौरान बच्चों और परिवारों के लिए यह प्रदर्शनी शाम बिताने की शानदार जगह है।
प्रेस वार्ता में जगमोहन सिंह, अक्षय सिंह, अजय मोहन शर्मा, धर्मेन्द्र मैसी आदि मौजूद रहे।