हाफिजगंज, बरेली। जनपद के थाना हाफिजगंज क्षेत्र मे मूकबधिर बच्ची को बाइक सवार उठा ले गए। बाइक सवारों ने उससे दुष्कर्म की कोशिश की। चार घंटे बाद बच्ची एक गांव के पास बदहवास हालत में मिली। उसके कपड़े अस्त-व्यस्त थे। शरीर पर खरोंच के निशान थे। बच्ची के पिता ने थाने में तहरीर देकर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस आरोपियों की तलाश मे जुटी है। थाना हाफिजगंज के एक गांव निवासी ग्रामीण ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उनकी 12 वर्षीय बेटी मूकबधिर है। वह रविवार शाम करीब पांच बजे गांव के पास खेत में शौच करने को गई थी, जहां से उनकी पुत्री को बाइक सवार दो नकाबपोश लोग जबरन बैठाकर ले गए। काफी देर हो जाने के बाद जब उनकी पुत्री घर वापस नहीं आई तो उन्होंने खोजबीन शुरू की। चार घंटे बाद उनकी पुत्री गांव बंजरिया के समीप खेत मे मिली। पिता ने बताया कि पुत्री के शरीर पर जगह-जगह खरोंच के निशान हैं। उसको अगवा कर ले जाने वालों उसके कपड़े फाड़ दिए थे। उससे दुष्कर्म की कोशिश की गई। लोगों के पहुंचने पर दोनों आरोपी भाग गए। पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर पीड़िता को उपचार के लिए नवाबगंज भेज दिया। थाना प्रभारी पवन कुमार सिंह ने बताया कि बच्ची के पिता की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई। नकाबपोश बाइक सवार लोगों की तलाश की जा रही है। जल्दी घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।।
बरेली से कपिल यादव