बरेली। कैनविज ग्रुप की ठगी के शिकार 113 लोगों की शिकायत पर अब बारादरी इंस्पेक्टर की ओर से कन्हैया गुलाटी समेत 40 नामजद और अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इन लोगों से 25 करोड़ से ज्यादा रुपये की ठगी की आशंका जताई गई है। निवेशकों के करोड़ों रुपये लेकर फरार हुए कैनविज ग्रुप और इसके एमडी कन्हैया गुलाटी के खिलाफ लगातार ठगी की शिकायतें सामने आरही हैं। बारादरी थाने में विभिन्न स्थानों के 113 लोगों की ओर से शिकायती पत्र देकर कैनविज कंपनी के पदाधिकारियों और एजेंट के खिलाफ निवेश का झांसा देकर ठगी के आरोप लगाए गए। किसी को मुनाफा देने का झांसा दिया गया तो किसी को प्लॉट का लालच देकर जाल मे फंसाया गया। इस तरह इन लोगों से 25 करोड़ से ज्यादा की रकम ठगी गई है। इन सभी की शिकायतों को शामिल करते हुए थाना बारादरी में इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। ठगी के शिकार हुए लोग स्थानीय के अलावा बिहार से लेकर उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के कई जिलों के रहने वाले है। इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय की ओर से दर्ज रिपोर्ट मे 40 नामजद एवं अज्ञात को आरोपी बनाया गया है। नामजद आरोपियों में शाहदाना निवासी कन्हैया गुलाटी, राधिका गुलाटी, गोपाल गुलाटी, कृष्णा गुलाटी, मधु गुलाटी, नरेश पटेल, सोमपाल पटेल, झांझन लाल मौर्य, जगतपाल मौर्य, राजेश, अमित, महेंद्र, कमल सक्सेना, अरुण रस्तोगी, प्रमोद परिहार, गुरुदेव पाठक, किमी महाजल, सूर्य प्रकाश, ओमप्रकाश मौर्य, किप्प सुरेश चंद्र कुशवाह, अनूप गुप्ता, संजीव बागवा, बनवारी लाल सिंह, मुकेश राना, सुभाषनगर की ज्योति मिश्रा, प्रवेश मिश्रा, आशीष मिश्रा, सोनू चंद्रा, राहुल मौर्य, योगेंद्र, जितेंद्र पटेल, नरेश मौर्य, देवेश सिंह, प्रमोद सिंह, छवि भाटिया, मोनिका भाटिया, महेंद्र सिंह, किमी राना, ओपी मौर्य, आशीष महाजन और कैनविज कंपनी के अन्य प्रतिनिधि व अज्ञात लोग शामिल है।।
बरेली से कपिल यादव
