आंवला, बरेली। जनपद के आंवला स्थित परिवार परामर्श एवं मध्यस्थता केंद्र ने 9 माह 12 दिन में 148 पारिवारिक विवादों में से 108 का सुलह समझौता कराया। बुधवार को थाना परिसर में समझौता कराने वाली टीम और समझौता करने वाले दंपतियों का सम्मान एक समारोह में किया गया। परामर्श केंद्र का गठन शहर के सम्मानित नागरिकों व पुलिस की दो महिला कर्मियों से किया गया है, जो प्रति बुधवार काउंसलिंग आयोजित कर घरेलू हिंसा व पारिवारिक कलह का भावनात्मक समाधान करती है। मुख्य अतिथि पुष्पा पाण्डेय ने कहा कि परिवार में लड़का लड़की दोनों एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करें। एसडीएम आंवला विदुषी सिंह ने छोटी गलतियों को नजरअंदाज कर आगे बढ़ने की सलाह दी। सीओ नितिन कुमार ने पति-पत्नी को एक-दूसरे को अपना समझने व अहंकार त्यागने पर जोर दिया। ब्लॉक प्रमुख आरती यादव ने संयुक्त परिवारों के घटने व एकल परिवारों में विवाद बढ़ने पर चिंता जताई, अधिवक्ता निर्दोष चतुर्वेदी ने मोबाइल के अत्यधिक उपयोग को विवादों का कारण बताया। पूर्व चेयरमैन संजीव सक्सेना ने टीम और पुलिस की सराहना की। इस दौरान भरत जी सरस्वती इंटर कालेज की छात्रा प्रज्ञा गुप्ता ने शिव ताडंव, आरक्षी शीतल ने गीत, अदिति तिवारी ने ताइक्वाइंडो से अपने बचाव का प्रदर्शन किया। कार्यक्रमका संचालन रमाकांत तिवारी एडवोकेट ने किया। इस दौरान आलमपुर जाफराबाद ब्लाक प्रमुख आरती यादव, समाजसेवी निहाल सिंह, जय गोविंद सिंह, निर्दोष चतुर्वेदी एडवोकेट, संजीव सक्सेना, अवनीश तिवारी एडवोकेट, सुमन निगम आदि ने विचार व्यक्त किए। कोतवाल कुंवर बहादुर सिंह, वेद प्रकाश यादव, उषा – सतीजा, बीना रस्तोगी आदि मौजूद रहे। मिशन शक्ति के तहत थाना परिसर मे 12 मार्च 2025 को एसएसपी अनुराग आर्य और एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा ने परिवार परामर्श केंद्र की स्थापना की थी। करीब नौ माह में इस केंद्र पर 100 दंपतियों का पुनर्मिलन कराया गया। सम्मानित सदस्यों में अध्यक्ष जयगोविंद सिंह (राष्ट्रपति पुरस्कार विजेता), रमाकांत तिवारी एडवोकेट, योगेश माहेश्वरी, रामदीन सागर, रजिया सुल्तान, शोभना अग्रवाल, सीमा रजा, शोभना अग्रवाल, किरण मणि व रेनू केसरवानी शामिल रहे।।
बरेली से कपिल यादव
