बरेली। प्रदेश के 15 जिलों में कोरोना संक्रमित मरीज पाए जाने से योगी सरकार ने इन जिलों के हॉटस्पॉट को सील कर दिया है। हॉटस्पॉट में बरेली का सुभाषनगर भी शामिल है। बुधवार की रात 12 बजे से सुभाषनगर को सील करने का आदेश दे दिया गया था। इसके बाद से लोग अपने-अपने घरों में ही कैद होकर रह गए हैं। सुभाषनगर सील होने के बाद अब तक खुल रहीं राशन और सब्जी की दुकानों को भी बंद कर दिया गया है। इस इलाके में अब राशन और सब्जी आदि की होम डिलीवरी कराई जाएगी। इसके लिए नगर निगम ने सब्जी और राशन की दुकानों को चिहिन्त किया है। हॉटस्पॉट सुभाषनगर के सील होने के बाद इलाके में होमडिलीवरी कराने की व्यवस्था नगर निगम को सौंपी गई है। नगर निगम ने इसको लेकर पांच किराना और पांच सब्जी की दुकानों को चिह्नित किया है, जहां से राशन और सब्जी लेकर सुभाषनगर के इलाके में पहुंचाया जाएगा। इस एरिया में जो हॉकर होम डिलीवरी करने जाएंगे उनके भी निगम ने लिस्ट बना ली। शुक्रवार से नगर निगम सुभाष नगर इलाके में घर-घर राशन और सब्जी की आपूर्ति करवाएगा।।
– बरेली से कपिल यादव