हिंदू वादी नेता प्रवीण तोगड़िया का नई पार्टी बनाने का ऐलान:9 फरवरी को दिल्ली में कर सकते हैं घोषणा

इंदौर/ मध्यप्रदेश- हिन्दूवादी नेता और विश्व हिन्दू परिषद के पूर्व प्रमुख डाॅ. प्रवीण तोगड़िया 9 फरवरी को दिल्ली में नई पार्टी बनाने जा रहे हैं। इसका खुलासा उन्होंने मंगलवार को इंदौर में मीडिया के समक्ष किया। पार्टी के स्वरूप के बारे में उन्होंने कोई खास जानकारी नहीं दी, लेकिन उन्होंने ऐलान किया कि यदि उनकी पार्टी सत्ता में आती है तो 7 दिन में अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण शुरू करवाएंगे। तोगड़िया ने मोदी सरकार पर भी निशाना साधा और कहा कि भाजपा ने कोई वादा पूरा नहीं किया।
मोदी पर तोगड़िया फिर हमलावर, बोले- पंचायत से केंद्र तक सरकार आई तो पलटू खान हो गए विहिप से अलग होने के बाद तोगड़िया अब पहली बार सीधे राजनीति में नई पारी की शुरुआत करेंगे। उन्होंने कहा कि 9 फरवरी को वे पार्टी के नाम और उसके स्वरूप के बारे में अपनी बात रखेंगे। उनकी पार्टी चुनाव लड़ेगी और संभवतः वे खुद भी चुनाव मैदान में उतरेंगे। तोगड़िया ने कहा कि भाजपा ने मंदिर पर देश को धोखे में रखा। उन्होंने कहा – हमारी पार्टी हिंदुओं के सारे मुद्दे उठाएगी और उसी के आधार पर चुनाव मैदान में उतरेगी।
उन्होंने कहा – भाजपा के कई नेता उनके संपर्क में हैं। पार्टी के गठन के बाद आपको पता चल जाएगा कि कौन-कौन हमारे साथ हैं। ईवीएम पर टिप्पणी करते हुए कहा कई बड़े देश ईवीएम से मतदान को खारिज कर चुके हैं तो फिर हमारे देश में इसे खारिज क्यों नहीं किया जा रहा है।
भाजपा सरकार द्वारा सवर्णों को आरक्षण दिए जाने के सवाल पर ताेगड़िया ने कहा – पांच राज्यों में चुनाव हारने के बाद भाजपा को अब सवर्णों की याद आई है। यदि उन्हें आरक्षण देना ही था तो पहले देते। अब जबकि चुनाव सामने हैं ऐसे में यह आरक्षण चुनावी स्टंट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *