हाफिजगंज, बरेली। जनपद के थाना हाफिजगंज क्षेत्र मे एक महीने से दहशत फैलाने वाला तेंदुआ मंगलवार रात वन विभाग के लगाए गए पिंजरे मे फंस गया। तेंदुए का मेडिकल कराया गया और उसे स्वस्थ होने पर नजीबाबाद के जंगल में छोड़ दिया गया। हाफिजगंज थाना क्षेत्र के फैजुल्लापुर में बंद पड़ी खेतान फैक्ट्री में एक माह पहले तेंदुए को फैक्ट्री के चौकीदार अजय पाठक ने सबसे पहले देखा था। तेंदुए ने उसकी गाय पर हमला किया था। चौकीदार ने किसी तरह छत पर चढ़कर अपनी जान बचाई थी। उन्होंने तेंदुए की वीडियो भी बनाई थी। आसपास के क्षेत्र में लगातार तेंदुआ देखे जाने बात सामने आई थी। वन विभाग की टीम ने फैक्ट्री के आसपास तेंदुए को पकड़ने के लिए तीन पिंजरे के साथ कैमरे लगाए थे, लेकिन तेंदुआ ट्रेस नहीं हो पा रहा था। वन विभाग ने फैक्ट्री के बाहर दीवार के पास लगाए गए पिंजरे में एक मुर्गी को रखा था, जिसमें मंगलवार रात तेंदुआ फंस गया। बुधवार सुबह पुलिस के साथ वन विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। तेंदुए के पकड़ने की सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। नवाबगंज रेजर केके मिश्रा ने बताया कि तेंदुए को रेस्क्यू करने के बाद डॉक्टरों की टीम ने उसका मेडिकल किया। जिसके बाद उसे नजीबाबाद के जंगल में छोड़ने के लिए भेज दिया गया। तेंदुआ पकड़े जाने के बाद क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है। विभाग के रेंजर केके मिश्रा ने बताया कि तेंदुए छोटे शिकार अधिक पसंद करते है। यही वजह रही कि वह मुर्गी वाले पिंजरे मे फंस गया। तेंदुए को पकड़ने मे लगातार विफल हो रही टीम को जब सफलता नही मिली तो मेरठ से वन्यजीव विशेषज्ञ जीएस खुशालिया को बुलाया गया। उन्होंने मौके का निरीक्षण कर रणनीति तैयार की और फैक्ट्री के बाहर निकलने वाले रास्ते पर पिंजरा लगवाया। अंततः भूख से परेशान तेंदुआ शिकार के लालच में पिंजरे में घुस गया और कैद हो गया।।
बरेली से कपिल यादव