हथेली पर आई लव यू अमर लिखकर विवाहिता ने दे दी जान, मचा कोहराम

बरेली। जनपद की तहसील आंवला क्षेत्र मे नगरिया देहा जब्ती गांव में हथेली पर पति के नाम के साथ आई लव यू लिखकर विवाहिता फंदे से लटक गई। गांव वालों ने घरेलू कलह के चलते आत्महत्या की बात कही है। इस मामले मे मायके वालों की ओर से देर शाम तक कोई तहरीर नही दी गई थी। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। उधर, महिला की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। ग्रामीणों ने बताया कि गांव निवासी अमर सिंह कुछ साल पहले काम के सिलसिले मे दिल्ली गया था। यहां उसकी मुलाकात पूजा (25) से हुई। जान-पहचान के बाद करीब एक साल पहले दोनों ने प्रेम विवाह कर लिया। शादी के बाद पूजा गांव मे ही रहने लगी। अमर सिंह इन दिनों काम के सिलसिले में गुजरात में है। गांव वालों ने बताया कि पति-पत्नी के बीच आए दिन विवाद होता था। मोबाइल फोन पर भी दोनों झगड़ते रहते। इसको लेकर पूजा परेशान रहती। ग्राम प्रधान कुंवरपाल ने बताया मंगलवार की दोपहर को पूजा के ससुराल पक्ष के लोग दूसरे गांव गए हुए थे। लौटकर आने पर उन्होंने शव फंदे से लटका देखा। जानकारी पर भीड़ जुट गई। ग्राम प्रधान ने सूचना देकर पुलिस और फॉरेंसिक टीम को गांव बुलाया। पुलिस ने शव को फंदे से उतारा। इस दौरान उसकी एक हथेली पर पेन से आई लव यू अमर लिखा था। गांव मे चर्चा है कि आत्महत्या करने से पहले भी पूजा पति से बात कर रही थी। इसी दौरान उसने आत्मघाती कदम उठा लिया। मामले मे प्रभारी निरीक्षक वीरेश कुमार ने बताया कि विवाहिता के मायके वालों को सूचना दी गई है। यदि वह लोग कोई तहरीर देते हैं तो कार्रवाई की जाएगी।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *