बरेली। मंडलायुक्त आर रमेश कुमार ने बुधवार स्मार्ट सिटी योजना के तहत महानगर क्षेत्र मे हो रहे कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने कार्य की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए इसे तेज करने के भी निर्देश दिये। इसके साथ ही गुणवत्ता के स्तर को प्रत्येक दशा में बनाए रखने के निर्देश दिए। समीक्षा बैठक के दौरान मंडलायुक्त ने नगर निगम व स्मार्ट सिटी के अधिकारियों से प्रत्येक योजनाओं की अगल-अलग स्थिति जानी। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी के कार्य बरेली की पहचान बन रहे है। इन कार्यों का स्तरीय होना सुनिश्चित किया जाए। बुधवार को मंडलायुक्त कमिश्नरी सभागार मे बरेली स्मार्ट सिटी परियोजना की वार्षिक आम बैठक (ए.जी.एम.) की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक मे वित्तीय वर्ष 2019-2020 के लेखा परीक्षा वित्तीय विवरण (आडिटेड फाइनेंशियल स्टेटमेंट) की स्वीकृति प्रदान की गई तथा स्मार्ट सिटी परियोजना के कार्यों के प्रगति की समीक्षा भी की गई। बैठक में जिलाधिकारी शिवाकान्त द्विवेदी, नगर आयुक्त अभिषेक आनंद, अपर नगर आयुक्त सुनील कुमार यादव, उपाध्यक्ष बीडीए जोगेन्दर सिंह, मुख्य अभियंता भूपेश सिंह, उपायुक्त उद्योग ऋषि रंजन गोयल सहित अन्य सम्बंधित अधिकारी उपस्थित रहे।।
बरेली से कपिल यादव