सौतेले भाइयों को फंसाने के लिए खुद के पैर में मारी थी गोली, गिरफ्तार

फरीदपुर, बरेली। जनपद के थाना फरीदपुर क्षेत्र के गांव कैरूआ निवासी जयवीर ने जमीनी विवाद में सौतेले भाइयों को फंसाने के लिए खुद के पैर में गोली मारी थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। जयवीर ने 16 जनवरी को दोपहर में पुलिस को सूचना दी कि उसके सौतेले भाई बालिस्टर ने उसके पैर में गोली मार दी। मौके पर पुलिस पहुंची तो जयवीर सिंह घायल अवस्था में गन्ने के खेत में पड़ा था, उसके पास में एक तमंचा भी पड़ा था। उसके बाएं पैर की जांघ में गोली लगी थी। गांव वालों से पूछताछ में पता चला कि जयवीर का अपने सौतेले भाइयों से जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है। जयवीर अक्सर बाहर ही रहता है। वह ट्रक चलाता है। गांव में कभी कभी आता है। गांव में जब भी आता है तो शराब के नशे में धुत रहता है। घटना वाले दिन भी जयवीर सिंह काफी नशे में था। गांव में पहुंचते ही अपने भाइयों और ग्रामीणों को गाली दे रहा था। साथ ही चिल्लाते हुए कह रहा था कि आज इस जमीनी विवाद को जड़ से खत्म कर दूंगा। अपने सौतेले भाइयों को किसी मुकदमे में फंसा दूंगा। जिस समय गोली चलने की आवाज हुई, उस समय बालिस्टर और उसके भाई अजय पाल, रामवीर और विनोद गांव में ही मौजूद थे। जांच के लिए उपनिरीक्षक वीरेन्द्र सिंह मौके पर पहुंचे थे और जयवीर से पूछताछ की थी। घायल जयवीर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फरीदपुर भिजवाया गया था। जांच में पाया गया कि जयवीर सिंह ने अपने बालिस्टर, अजयपाल, रामवीर, विनोद के साथ जमीन के बंटवारे के विवाद होने के कारण झूठा मुकदमा लिखाने के उद्देश्य से खुद अपने तमंचे से पैर में गोली मारी थी।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *