बरेली। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि सेना को जाति के नाम पर बांटने का षड्यंत्र चल रहा है। यह सभी के लिए असहज है। यह पहली बार नही है। सेना का अपमान करना कांग्रेस के इतिहास मे है। सोमवार को बरेली मे अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती वर्ष के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने विपक्षी दलों पर निशाना साधा। एक सवाल के जबाव में भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद हमारी सेना ने पूरी ताकत से पाकिस्तान को मुंहतोड़ जबाव दिया है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सेना ने दुश्मनों को ढूंढ ढूंढकर मारा। हमारी सेना हमारी ताकत है। कांग्रेस का तो इतिहास रहा है, वह सेना का अपमान करती रही है। सेना को जाति के नाम बांटना एक षड्यंत्र है। सेना 140 करोड़ हिंदुस्तानियों का प्रतिनिधित्व करती है। उन्होंने मीडिया से कहा कि भाजपा सरकार केंद्र में अपने 11 साल पूरे कर रही है। गुजरात से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसके लिए अभियान की शुरुआत की है। हम घर-घर जाकर लोगों को बताएंगे कि मोदी सरकार ने देश और जनहित में क्या-क्या काम किए। भाजपा ने 1988 के अधिवेशन में तय किया था अयोध्या में पावन मंदिर का निर्माण करेंगे और मंदिर का निर्माण अयोध्या में हुआ। भूपेंद्र चौधरी ने आईएमए हॉल में महानगर भाजपा द्वारा आयोजित अहिल्याबाई होल्कर की जीवन यात्रा पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर ने अपने शासन में अंतिम छोर तक के व्यक्ति के लिए कार्य किया। इसी से सीख लेकर हम सभी को समाज के लिए काम करना होगा। वह धर्म, न्याय और राष्ट्र धर्म का सजीव स्वरूप थीं। उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का काम करने के साथ ही हर क्षेत्र में उनके लिए काम किया है। भाजपा उनकी 300 वीं जयंती पर 31 मई तक स्मृति अभियान चला रही है। सांसद छत्रपाल गंगवार ने कहा कि रानी अहिल्याबाई होल्कर से हम सभी को प्रेरणा लेनी चाहिए। विधायक संजीव अग्रवाल ने कहा कि रानी अहिल्याबाई ने पूरे विश्व में अपनी अलग पहचान बनाई और आज हम सब की प्रेरणा स्रोत है। सहकारिता मंत्री एवं जिला के प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर ने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर के बताए मार्ग पर हम सबको चलना चाहिए। वह भारतीय नारी शक्ति का प्रतीक है। सांसद छत्रपाल गंगवार, मेयर डॉ. उमेश गौतम, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना, आंवला जिलाध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह व महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना ने भी विचार रखे। अनिल कुमार एडवोकेट, निवोदिता श्रीवास्तव, डॉ तृप्ति गुप्ता, नीलम जेठा, एससी-एसटी आयोग सदस्य उमेश कठेरिया, गुलशन आनंद, प्रत्तेश पांडे, डॉ. सीपी एस चौहान, श्रुति गंगवार, महानगर मीडिया प्रभारी बंटी ठाकुर, विष्णु अग्रवाल, जेपीएस पाल, शालिनी जौहरी, सतीश कातिब, अमन सक्सेना, योगेश कुमार, राजकिशोर कश्यप, संजीव शर्मा, पुष्पेंद्र शुक्ला, विशाल गुप्ता, गौरव गुप्ता, विपिन भास्कर, अजय चौहान मौजूद रहे।।
बरेली से कपिल यादव