बरेली। सीबीएसई की परीक्षाएं मंगलवार से शुरू हो गई। पहले दिन 24 केंद्रों में हुई 10वीं की परीक्षा के लिए पंजीकृत 9683 में 9615 ने परीक्षा दी, केवल 68 परीक्षार्थी ही अनुपस्थित रहे। 10वीं के छात्रों ने गणित की परीक्षा दी। जिसमें स्टैंडर्ड और बेसिक दोनों पेपर शामिल थे। वहीं, 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों की बायोटेक्नोलॉजी तथा शॉर्टहैंड (हिंदी और अंग्रेजी) की परीक्षा थी। प्रश्न पत्र मिलने के बाद अधिकतर छात्रों के चेहरे पर संतोष दिखा। हालांकि, कुछ सवालों ने थोड़ी देर के लिए सोचने पर मजबूर किया। सीबीएसई की सिटी कोऑर्डिनेटर ममता सक्सेना ने बताया कि सभी 24 परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। परीक्षार्थियों को गहन जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया। परीक्षाएं शांतिपूर्ण माहौल में हुईं। परीक्षार्थियों को सुबह 10:30 बजे शुरू होने वाले पेपर से एक घंटे पहले पहुंचने के निर्देश दिए गए थे। पेपर देने के बाद बाहर आए विद्यार्थियों ने कहा कि प्रश्नपत्र उनकी तैयारी के अनुरूप काफी सरल था। जिसे उन्होंने निर्धारित समयावधि में ही पूरा कर लिया गया। आईसीएसई: अंग्रेजी का सरल प्रश्न पत्र देख परीक्षार्थी हुए खुश: बरेली। आईसीएसई 10वीं की बोर्ड परीक्षाएं मंगलवार को 10 परीक्षा केंद्रों पर हुई। आईसीएसई 10वीं कन्वीनर के मुताबिक इस बार 10वीं की बोर्ड परीक्षा के लिए इस बार 891 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। पहले दिन अंग्रेजी भाषा की परीक्षा, 12 वीं की होम साइंस की परीक्षा 10 परीक्षा केंद्रों पर हुई। 10वीं की अंग्रेजी भाषा परीक्षा पूर्वाह्न 11 बजे से दोपहर एक बजे तक सफलतापूर्वक हुई। परीक्षा मे छात्रों के रचना लेखन, निर्देशित लेखन, व्याकरण, शब्दावली और बोध कौशल का मूल्यांकन किया गया। परीक्षा देकर निकले परीक्षार्थियों ने बताया कि पेपर काफी सरल थे। पेपर सिलेबस के अंदर से आया था। सबसे खास बात यह थी कि जो पैटर्न बोर्ड ने फिक्स किया था वहीं पेपर में दिखा। अगर किसी ने भी टाइम मैनेजमेंट पर ध्यान दिया हो तो उसका कोई सवाल छूट नही सकता। पेपर मे सवाल हल करने के बाद भी कुछ परीक्षार्थियों का समय बचा। आईएससी 12वीं में मंगलवार को तीन पेपर थे लेकिन इनमें परीक्षार्थियों की संख्या बहुत कम थी।।
बरेली से कपिल यादव
