सिरौली मे आंबेडकर प्रतिमा बवाल मामले मे इंस्पेक्टर समेत छह लाइन हाजिर

बरेली। जनपद के सिरौली नगर पंचायत मे आंबेडकर प्रतिमा लगाने को लेकर हुए बवाल के बाद एसएसपी ने थाना प्रभारी समेत छह पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया जबकि पुलिस अधीक्षक देहात और क्षेत्राधिकारी आंवला से जवाब तलब किया गया है। एसएसपी अखिलेश चौरसिया ने कहा कि प्रतिमा लगाने की तैयारी महीने भर से चल रही थी। फिर भी पुलिस ने इसे गंभीरता से नही लिया। यह बहुत बड़ी लापरवाही है। आपको बता दें कि जनपद की नगर पंचायत सिरौली के साहूकारा मोहल्ले मे सार्वजनिक जमीन पर रविवार की रात गुपचुप ढंग से आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित कर दी गई थी। सोमवार को एसडीएम आंवला और क्षेत्राधिकारी आंवला की अगुवाई मे पुलिस प्रतिमा को हटवाने पहुंची तो जमकर बवाल हुआ। महिलाओं के पुलिस पर पथराव करने के बाद पुलिस को आंसू गैस के गोले और लाठी चार्ज करके भीड़ को तितर बितर करना पड़ा। तब कहीं जाकर पुलिस आंबेडकर की प्रतिमा को हटा सकी। एसएसपी ने बताया कि जाटव समुदाय के वोटों के लिए कुछ कथित लोगों द्वारा एक महीने से चंदा इकट्ठा कर आंबेडकर प्रतिमा लगाने की तैयारी की जा रही थी। इस पूरे मामले मे बेखबर रहने पर थाना सिरौली के इंस्पेक्टर राजीव कुमार, हल्का इंचार्ज मोदी सिंह, सिपाही अंकित सिंह, जाने आलम, अक्षय कुमार को लाइन हाजिर कर दिया। क्षेत्राधिकारी आंवला अजय गौतम और पुलिस अधीक्षक देहात राजकुमार अग्रवाल से भी जवाब तलब किया गया है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *