हरियाणा/रोहतक- महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (मदवि) के संगीत विभाग में आज संगीत श्रृंखला कार्यक्रम के अंतर्गत सितार वंदन और नृत्य की प्रस्तुतियां दी गई।
विभागाध्यक्ष प्रो. हुकम चन्द ने कार्यक्रम में स्वागत भाषण दिया। उन्होंने सितार वादक डा. राजीव तथा डा. संध्या स्वरमंजरी का परिचय दिया। सितार वादक डा. राजीव ने सितार पर राग मधुवंती की प्रस्तुति से अपनी प्रस्तुति का प्रारंभ किया, जिसमें उन्होंने मसीतखानी गत तथा रजाखानी गत प्रस्तुत की। साथ ही राग मधुवंती के मिलते जुलते रागों जैसे रण पटदीप और राग मुलतानी के बारे में भी चर्चा की। उनके साथ तबले पर प्रदीप मलिक ने बेजोड़ संगत दी।
दूसरी प्रस्तुति में डा. संध्या स्वरमंजरी ने अपने कत्थक नृत्य से उपस्थित जन का मन मोहा। उन्होंने कत्थक नृत्य की बारीकियां भी सांझा की। इस कार्यक्रम में कैलाश वर्मा, डीन फैकल्टी प्रो. सुषमा सिंह, शामली मुखर्जी, डा. विमल, सुभाष नगाड़ा, सुरिन्दर, संगीत विभाग के प्राध्यापक, शोधार्थी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
– रोहतक से हर्षित सैनी