सार्वजनिक श्मशान घाट की बदहाली व नशाखोरी के खिलाफ अभियान युद्ध स्तर पर : ठाकराराम माली

राजस्थान/बाड़मेर- बाड़मेर शहर स्थित सार्वजनिक श्मशान घाट में व्याप्त अव्यवस्थाओं, नशा करने वाले असामाजिक तत्वों की बढ़ती गतिविधियों एवं सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर स्थिति को लेकर आज युवा नेता ठाकराराम माली के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल द्वारा जिला पुलिस अधीक्षक एवं जिला कलेक्टर, बाड़मेर को ज्ञापन सौंपा गया।

छोटूसिंह पंवार ने बताया कि पिछले काफी समय से सार्वजनिक श्मशान घाट परिसर को नशा करने वाले तत्वों ने अपना अड्डा बना लिया है, जिससे इस पवित्र स्थल की गरिमा लगातार प्रभावित हो रही है। खुलेआम नशाखोरी के कारण सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुँच रहा है तथा आम राहगीरों, श्रद्धालुओं एवं आसपास के निवासियों में भय का माहौल व्याप्त है। उन्होंने कहा कि नशा करने वाले तत्वों की बढ़ती गतिविधियों के चलते क्षेत्र में चोरी एवं अन्य असामाजिक घटनाओं में भी इजाफा हुआ है, जो कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती है।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि श्मशान घाट एवं उसमें निर्मित पार्क की स्थिति अत्यंत दयनीय एवं अस्त-व्यस्त बनी हुई है। साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, जल व्यवस्था, बैठने की सुविधा एवं मार्गों की बदहाल स्थिति के कारण अंतिम संस्कार हेतु आने वाले परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से मांग की कि नगरपरिषद के माध्यम से सार्वजनिक श्मशान घाट एवं पार्क के सुधार हेतु शीघ्र बजट स्वीकृत किया जाए, मूलभूत सुविधाओं को तत्काल बहाल किया जाए तथा पार्क के नियमित रख-रखाव की समुचित व्यवस्था की जाए। साथ ही श्मशान घाट क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने, नियमित पुलिस निगरानी सुनिश्चित करने एवं नशा करने वाले तत्वों के विरुद्ध सख्त व निरंतर कार्रवाई की मांग की गई।

इस अवसर पर मुकेश जैन, मेवाराम सोनी, सोहनलाल मंसुरिया, सोनाराम मंसुरिया, गजेंद्र बोहरा, मूलाराम पूनड़, सुरेश सोनी, जयमलसिंह पड़िहार, हितेश जोशी, नारायण बृजवाल, मोहन सोनी, शिवम वासलपुर, जालमसिंह जालीपा, गजेन्द्रसिंह राठौड़, स्वरूप सिवल, जितेंद्र चौहान, गोविंद सिंह सोढा, मनोज परमार, राजू सिंधी,चंद्रवीर परिहार, लालाराम परमार ,वीरेंद्र सोलंकी सहित बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे। युवा नेता ठाकराराम माली एवं प्रतिनिधिमंडल ने विश्वास व्यक्त किया कि जिला प्रशासन इस गंभीर जनहित के विषय पर शीघ्र संज्ञान लेकर प्रभावी कार्रवाई करेगा।

– राजस्थान से राजूचारण

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *