हाफिजगंज, बरेली। जनपद की थाना हाफिजगंज क्षेत्र मे पार्सल भेजने के नाम पर साइबर ठगों ने एक विवाहिता को अपने जाल में फंसाकर पति व ससुर को जेल भेजने की धमकी दी और उससे छह लाख की ठगी कर ली। पीड़िता ने जेवर बेचकर ठगों के खातों में पैसे ट्रांसफर किए। घटना की तहरीर महिला की ओर से थाना हाफिजगंज में दी गई है। थाना हाफिजगंज क्षेत्र के कुंवरपुर बजरिया गांव की पूजा पत्नी हरीश कुमार ने थाने मे दी तहरीर मे बताया कि उसके मोबाइल पर कॉल कर साइबर ठगों ने कहा कि उसे पार्सल से सोने का सामान फ्री मे भेजा जा रहा है। झांसे मे आकर महिला ने अपना पता दे दिया। कुछ दिन बाद जब पार्सल उसके घर पहुंचा तो उसने लेने से मना कर दिया। क्योंकि उसने कोई ऑर्डर नही किया था। इस पर कॉलर ने धमकाया कि यदि पार्सल नही लिया गया तो पुलिस आकर उसे, उसके पति और ससुर को जेल भेज देगी। डर के कारण महिला ने ठगों के भेजे गए स्कैनर पर पहले 18 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद भी ठगों ने लगातार धमकियां देकर कई बार मे करीब 85 हजार रुपये और डलवा लिए। धमकी का सिलसिला न रुकने पर महिला ने अपने सोने के कंगन, पायल, बेसर सहित अन्य जेवर रिश्तेदार महिला की मदद से सर्राफ की दुकान पर बेच दिए। उनसे मिले रुपये ठगों के बताए बारकोड पर ट्रांसफर कर दिए। बाद में महिला ने पूरी घटना अपने पति व ससुर को बताई। जिसके बाद परिजन उसे लेकर थाने पहुंचे। महिला के पति ने बताया कि ठगों ने उसकी पत्नी से करीब छह लाख रुपये ठग लिए है। कार्यवाहक प्रभारी निरीक्षक धर्मेश कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है, जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।।
बरेली से कपिल यादव
