सर्दी से अभी राहत नही, बरेली मे शीतलहर से ठिठुरे लोग

बरेली। जिले मे बर्फीली हवाओं और शीत लहर से लोग कांप उठे हैं। लगातार दूसरे दिन तापमान 11 डिग्री सेल्सियस से भी कम रहा। यह इस सीजन का दूसरा सबसे ठंडा दिन था। अभी सर्दी से राहत नहीं मिलेगी। मौसम विभाग के अनुसार ठंड का प्रकोप अभी और बढ़ेगा। आंचलिक मौसम विज्ञान के अनुसार आगामी 20 जनवरी से हवा का रुख एक बार फिर पुरवा के बजाए पछुवा होने वाला है। इस वजह से रात के तापमान में और गिरावट आएगी। उन्होंने बताया कि पिछले एक सप्ताह से चल रहा कोल्ड डे या सीवियर कोल्ड डे का सिलसिला भी आगे जारी रहेगा। दिन मे धूप नही निकलेगी और कुहासा बना रहेगा। बरेली मे बर्फ जैसी गलन और हड्डियां सुन्न करने वाली ठंड से जनजीवन प्रभावित हुआ है। हालांकि कोहरे का असर कम हुआ है लेकिन कड़ाके की ठंड के चलते यातायात पर असर पड़ा है। कड़ाके की सर्दी का अंदाजा इससे ही लगाया जा सकता है कि बीते करीब 10 दिनों में बमुश्किल दो दिन नाममात्र को धूप निकली है। गुरुवार को भी सुबह से शाम तक एक बार भी मौसम साफ नहीं हुआ। सुबह कोहरे की मामूली चादर छाई रही और पूरा दिन हल्की धुंध रही। लेकिन गलन जरा भी कम नहीं हुई है। गुरुवार को दिन का तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो इस सीजन का दूसरा सबसे ठंडा दिन रहा। दूसरी ओर रात के तापमान में मामूली इजाफा हुआ है। रात का तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। लेकिन तापमान बढ़ने के बाद भी ठंड से कतई राहत नहीं मिली है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि आने वाले चार-पांच दिनों मे फिलहाल कड़ाके की ठंड जारी रहेगी।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *