बरेली। रविवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का शुभारम्भ जनपद न्यायाधीश विनोद कुमार ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। राष्ट्रीय लोक अदालत में न्यायिक अधिकारियों, विभिन्न बैंकों, बीमा कंपनियों के अधिकारियों, अधिवक्ताओं एवं पदाधिकारियों ने प्रतिभाग किया एवं लंबित वादों का निस्तारण कराया। नोडल अधिकारी व अपर जिला जज अरविंद कुमार यादव ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से बरेली जनपद न्यायालय द्वारा 6642 वादों का निस्तारण किया गया। प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा राष्ट्रीय लोक अदालत में 40,259 वादों, परिवहन विभाग द्वारा 17743 मामलों का सफल निस्तारण किया गया। राष्ट्रीय लोक अदालत मे अपर सत्र न्यायालय के 463 वाद, सिविल प्रकृति के 455 वाद, मोटर दुर्घटना प्रतिकर के 269 वाद, पारिवारिक मामलों के 113 वाद, फौजदारी के 5,342 वादों का निस्तारण आपसी सुलह समझौते व अभिस्वीकृति के आधार पर किया गया। राष्ट्रीय लोक अदालत में 12,521 ई चालानों तथा ई-डिस्ट्रिक पोर्टल के माध्यम से 3,807 वादों का निस्तारण किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बरेली सचिव सौरभ कुमार वर्मा ने बताया कि मोटर दुर्घटना वादों में 6,40,96,897 रुपये की धनराशि प्रतिकर के रूप में पीड़ित पक्षकारों को दिलवाई गई तथा दूरसंचार विभाग के 178 वादों का निस्तारण कर 2,28,607 रुपये की धनराशि वसूल की गई। लोक अदालत के आयोजन में जनपद न्यायालय परिसर में 02 जगह बैंकों के कैम्प लगाए गए। जिसमें विभिन्न बैंकों ने बैंक ऋण से संबंधित 1152 वादों का निस्तारण किया एवं कुल ऋण धनराशि 10,84,70,000 रुपये वसूल की गई। प्राधिकरण सचिव ने अवगत कराया कि राष्ट्रीय लोक अदालत मे पारिवारिक न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश राजेंद्र प्रसाद त्रिपाठी द्वारा 17, अपर प्रधान न्यायधीश शिवानी सिंह द्वारा 23, अपर प्रधान न्यायाधीश सुश्री कविता निगम द्वारा 32, अपर प्रधान न्यायाधीश श्रीमती सुनीता शर्मा द्वारा 41 वादों का निस्तारण किया गया। राष्ट्रीय लोक अदालत में आम जनता को परेशानियों से बचाने और जानकारी देने के लिए लोक अदालत परिसर में हेल्प डेस्क बनाया गया जिसमें पैरा लीगल वालंटियर शुभम राय, पुष्पेन्द्र, साधना, सपना, मिथिलेश गंगवार, प्रभा, रजत कुमार, तुषार, तरुण, पूजा सिंह, सुधीर अग्रवाल, ज्वाला देव अग्रवाल के साथ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बरेली के कर्मचारी बालक राम, शुभेन्द्र पाराशरी, एहसान खान, नौशाद अली, हेमेंद्र उपस्थित रहे।।
बरेली से कपिल यादव