बरेली। सोमवार को शहर की जनसमस्याओं को लेकर सपा नेता और पार्षदों ने नगर निगम में हल्ला बोल दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सीवर लाइन चोक होने से गंदगी फैली हुई है। निर्माण के काम अधूरे पड़े हैं। सड़को पर गड्ढे हो गए है। सपा पार्षद दल के नेता गौरव सक्सेना के नेतृत्व मे शमीम अहमद, सलीम पटवारी, अब्दुल कयूम मुन्ना, आरिफ कुरैशी, गुलबख्स, मो.शाकिर, निगहत परवीन के पति, इरफान सलीम आदि ने नगर निगम नगरायुक्त कार्यालय पहुंचकर जनसमस्याओं को लेकर विरोध शुरू कर दिया। उनका कहना है कि नगर निगम के सभी वार्डों में जीआईएस सर्वे करने वाली कंपनी के लोगों ने भवन स्वामी को नोटिस देकर परेशान कर दिया हैं। यही नही एजेंसी के नाम पर कुछ लोग फर्जी तरीके से जनता से अवैध वसूली कर रहे हैं। जिसकी जांच होना जरूरी है। वार्डों के अंदर सफाई कर्मियों की संख्या कम होने की वजह से सफाई व्यवस्था नहीं हो पा रही है। जिससे आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। घरों के नलों में दूषित पानी सप्लाई हो रहा है। इसके चलते शहरवासी परेशान है। नगर निगम मे न तो कोई अधिकारी मिल रहे है और न जनता की समस्या का निस्तारण हो रहा है। जनता अपनी समस्या किसे बताएं। सपा पार्षदों ने नगर निगम पहुंचकर समस्याओं के संबंध में विरोध प्रदर्शन करते हुए अपनी मांग उठाई। सपा पार्षदों ने चेतावनी दी है कि जनसमस्याओं का निस्तारण समय रहते नहीं किया गया तो हम लोग धरना प्रदर्शन व आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।।
बरेली से कपिल यादव