सपा नेताओं पर कार्यकर्ताओं ने निकाली भड़ास, बोले- कमियां न छूटती तो बरेली मे होती इंडिया गठबंधन की जीत

बरेली। चुनावी माहौल काफी अनुकूल होने के बावजूद बरेली मे इंडिया गठबंधन की हार को लेकर कार्यकर्ताओं ने पार्टी नेताओं को कठघरे में खड़ा किया। कार्यक्रम कार्यकर्ताओं के सम्मान का था लेकिन सम्मानित होने से पहले उन्होंने जमकर भड़ास निकाली। कहा, कुछ कमियां न छूटी होती तो इंडिया गठबंधन ने बरेली की सीट जरूर जीती होती। कार्यकर्ता सम्मान सम्मेलन मे खालिद ने कहा कि कार्यकर्ताओं की उपेक्षा का आरोप लगाया। कहा जिन्हें जिम्मेदारी दी गई उन्होंने उसे नही निभाया। नवाबगंज के मो.सईद ने कहा कि बाहर काम करने गये वोटरों को बुलाया जाना चाहिए था। उनके क्षेत्र के तीन हजार से ज्यादा लोग जयपुर और पंजाब में है। ये लोग आते तो पार्टी को मदद मिलती। मीरगंज के मनोज शर्मा ने कहा कि जिले के नेता गांव में कार्यकर्ताओं को थाना, ब्लॉक और तहसील स्तर पर मजबूत करें। इसका नतीजा अगले चुनावों में दिखेगा। अधिवक्ता सभा के जिलाध्यक्ष श्यामवीर यादव ने कहा कि प्रत्याशी ने भरपूर मेहनत की लेकिन संगठन पदाधिकारियों को काम नही दिया गया। ऐसा न होता तो नतीजा कुछ और होता। कांग्रेस ने भी जिले मे कोई बैठक अपनी तरफ से नहीं की। भोजीपुरा के अनीस ने कहा कि सपा को रिकॉर्ड वोट मिलना उत्साह की बात है। हारुन प्रधान ने कहा कि चुनाव से पहले संगठन वोटर लिस्ट सही करवाए। मढ़ीनाथ के रवींद्र श्रीवास्तव ने कहा कि सपा कार्यकर्ताओं को शांत बैठने के बजाय भाजपा की तरह लगातार चुनाव की तैयारी में लगे रहना चाहिए। इंडिया गठबंधन प्रत्याशी प्रवीण सिंह ऐरन ने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत से जनता ने उन्हें पांच लाख से ज्यादा वोट देकर जो सम्मान दिया है, उसके लिए वह आभारी है। चुनाव के दौरान जो त्रुटियां हुईं, कार्यकर्ता उसे नजरंदाज कर दें और नई स्फूर्ति से पार्टी को मजबूत करने में जुटें। उन्होंने कहा इंडिया गठबंधन के कार्यकर्ताओं ने कुल वोटों के 47.55 प्रतिशत वोट दिलाए हैं। जनता ने जाति-धर्म और ऊंच-नीच से ऊपर उठकर वोट किया है। हम काफी कम वोटों के अंतर से हारे है। सम्मेलन में सपा प्रदेश महासचिव अताउर रहमान, जिलाध्यक्ष शिवचरन कश्यप, पूर्व मेयर सुप्रिया ऐरन, शमीम खां सुल्तानी, अजय शुक्ला, शुभलेश यादव, संजीव यादव, दीपक शर्मा, गौरव सक्सेना, मोंटी शुक्ला, शेर सिंह गंगवार, असलम चौधरी,सुरेश गंगवार, सरदार खां, गोविंद सैनी, राजेश मौर्य, अनुज गंगवार, सुरेंद्र सोनकर, हैप्पी यादव आदि शामिल रहे।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *