संतोष ने रिश्तेदारों के उकसाने पर की थी आत्महत्या, मुकदमा दर्ज

शाही, बरेली। जनपद के थाना शाही क्षेत्र मे गुरुवार को खजुरिया निवासी संतोष ने जंगल में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। उसके पिता वेदराम की तहरीर पर शुक्रवार को पुलिस ने सास कमला निवासी नारा फरीदापुर, मामा ससुर छेदालाल, दुर्योधन व हरी नारायन निवासी बसावनपुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार गुरुवार की शाम को गांव खजुरिया निवासी संतोष उम्र 25 वर्ष का शव जंगल में फंदे से लटका मिला था। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। गांव में पहले यह चर्चा थी कि संतोष ने कर्ज के बोझ और डिप्रेशन के कारण यह कदम उठाया है। शुक्रवार को मृतक के पिता बेदराम ने शाही थाने मे तहरीर दी। उन्होंने बताया कि संतोष ने कारोबार के लिए अपनी सास कमला से डेढ़ लाख रुपये कर्ज लिये थे। कुछ रकम लौटा दी गई थी लेकिन बाकी रुपये चुकाने में देरी होने पर सास और उसके तीन सगे भाई यानी संतोष की पत्नी के मामा, संतोष को प्रताड़ित करने लगे। पिता ने यह भी बताया कि संतोष ने प्रेम विवाह किया था, जिससे उसकी पत्नी के मामा रंजिश रखते थे। 4 जनवरी को पत्नी के तीनों सगे मामाओं ने संतोष के साथ मारपीट की और उसे जान से मारने की धमकी दी। इन घटनाओं के बाद संतोष डिप्रेशन मे रहने लगा। बार-बार जान से मारने की धमकी और लगातार प्रताड़ना के कारण संतोष खुद को अपमानित महसूस करने लगा। आरोप है कि इसी प्रताड़ना और उकसावे के चलते संतोष ने पेड़ से लटककर आत्महत्या कर ली। थानाध्यक्ष राजेश कुमार बैसला ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर के आधार पर सास कमला और पत्नी के तीन सगे मामा के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *