बरेली। सर्द हवाओं ने बरेली को बर्फ जैसा जमा दिया है। शनिवार प्रदेश मे इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। पूरे दिन धूप नही निकली और शीतलहर ने जिले को अपनी चपेट मे ले लिया है। शाहजहांपुर प्रदेश मे दूसरा ठंडा जिला रहा और यहां अधिकतम तापमान 13.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शनिवार को लगातार दूसरे दिन भी धूप नही निकली और जिला शीतलहर की चपेट में रहा। सुबह से लेकर रात तक बर्फीली हवाएं चलती रही। हालांकि कोहरे का असर कम रहा और दृश्यता पर कोई प्रभाव नही पड़ा। ठंड और गलन से दिन का तापमान लुढ़क गया है। शनिवार को दिन में अधिकतम तापमान 13.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो इस सीजन में अब तक का न्यूनतम तापमान है। रात में जरूरी तापमान सामान्य के करीब रहा। रात में न्यूनतम तापमान 10.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। शीतलहर से फिलहाल दो-तीन दिन तक राहत मिलने के आसार नही है। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि अभी दो दिन तक बरेली समेत आसपास के इलाकों में शीतलहर जारी रहेगी। दिन मे तापमान मे भारी गिरावट हो सकती है। सर्दी-ठंड के साथ ही गलन भी बढ़ेगा। 22 दिसंबर से तापमान में मामूली बदलाव हो सकता है। लेकिन इससे ठंड और गलन से अधिक राहत मिलने की उम्मीद कम ही है।।
बरेली से कपिल यादव
