शाहजहांपुर। जनपद शाहजहांपुर मे एक सनसनीखेज वारदात मे युवक ने धारदार हथियार से अपने चार बच्चों का गला रेतने के बाद फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है। प्राथमिक जांच मे युवक के मानसिक रूप से परेशान होने की बात सामने आ रही है। मरने वाले बच्चों मे तीन बेटियां और एक बेटा है। गुरुवार की सुबह आरोपी के पिता मकान के अंदर पहुंचे तो वारदात की जानकारी हुई। एक दिन ही पहले आरोपी का पत्नी से झगड़ा हुआ। वह अपने मायके चली गई थी। बच्चों के मरने की खबर मिलते ही वह बदहवास हो गई। वही घटना की सूचना मिलने के बाद एसपी राजेश द्विवेदी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। एडीजी जोन रमित शर्मा और आईजी डॉ. राकेश सिंह ने भी मौका मुआयना किया। अधीनस्थों से घटना की जानकारी की। पुलिस की शुरुआती जांच में जघन्य हत्याकांड को अंजाम देने की वजह भी सामने आई है। थाना रोजा क्षेत्र के मानपुर चचरी गांव मे राजीव कठेरिया (36 वर्ष) अपनी पत्नी कांति देवी और बेटी स्मृति (13 वर्ष), कीर्ति (9 वर्ष), प्रगति (सात वर्ष) और बेटे ऋषभ (पांच वर्ष) के साथ रहता था। कांति देवी बुधवार को झगड़े के बाद बरेली के गांव करतोली स्थित अपने मायके चली गई। घर मे राजीव और चारों बच्चे थे। राजीव के पिता पृथ्वीराज घर के बाहर झोपड़ी में रहते हैं। उन्होंने बृहस्पतिवार सुबह पोते को चाय पीने के लिए बुलाया लेकिन अंदर से कोई आवाज नही आई। काफी देर तक आवाज देने के बावजूद जब कोई बाहर नहीं निकला तो वह शौचालय के रास्ते अंदर गए तो मंजर देख चीख पड़े। उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग जुटे गए। ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। बरामदे मे खून से लथपथ चारों बच्चों के शव चारपाई पर पड़े थे। बताया गया कि चाकू से उनके गले काटे गए थे। कमरे मे राजीव का शव साड़ी के फंदे से कुंडे से लटका हुआ था। सूचना पाकर एसपी राजेश द्विवेदी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने गहनता से जांच पड़ताल की। माना जा रहा है कि राजीव ने सोते समय बच्चों की हत्या की। पिता पृथ्वीराज ने बताया कि एक वर्ष पूर्व राजीव और उसकी पत्नी कौशल्या उर्फ कांति बाइक से गांव आ रहे थे। भावलखेड़ा सीएचसी के पास ट्रॉली से बाइक टकरा गई थी। सिर पर चोट लगने के बाद से राजीव अजीब हरकतें करने लगा था। वह अपने आप से ही बातें करता रहता था। बगैर किसी वजह से झगड़ा करने लगता था। खबर मिलते ही कौशल्या उर्फ कांति मायके से सीधे पोस्टमॉर्टम हाउस पर पहुंची। बच्चों के शव देखकर वह बेसुध हो गई। होश आने पर बिलखने लगती। कौशल्या ने बताया कि बुधवार को पति उससे झगड़ा करने लगा था। कहने लगा कि घर से भाग जा। जब वह बेटे को ले जाने लगी तो उसने बेटा भी छीन लिया। कौशल्या ने बताया कि पति ने उसे पीटकर घर से भगा दिया। वह बेटी कीर्ति के स्कूल पहुंची और उससे साथ चलने को कहा। इस पर कीर्ति ने कहा कि मम्मी.. पापा आपको मारते हैं, मुझे थोड़ी मारेंगे। आप चली जाओ। बाद में वापस आ जाना। बेटी की यह बात याद कर कौशल्या बिलख पड़ी। परिजनों ने उसे संभाला। जब बच्चे साथ नहीं गए तो कौशल्या अकेले ही मायके चली गई थी। उसने वहां पहुंचकर ससुर को कॉल किया। बच्चों और पति के बारे में पूछा। ससुर पृथ्वीराज के मुताबिक रात 12 बजे तक घर के अंदर सब सो रहे थे। इसके बाद वह झोपड़ी मे सोने चले गए। सुबह जब चाय बनाने अंदर गए तो सबकी लाश मिली। पिता के मुताबिक राजीव की शादी 15 साल पहले हुई थी। 14 साल तक सबकुछ ठीक चला। राजीव मेहनती और समझदार था। एक साल पहले उसके साथ एक्सीडेंट हो गया। सिर में चोट आई। इसके बाद वह मेंटली डिस्टर्ब रहने लगा। बरेली के मानसिक चिकित्सालय से उसका इलाज भी चला। दवा खाने तक ठीक रहता था। पिता पृथ्वीराज बताते हैं कि राजीव के दिमाग में ब्लड जमा हो गया था। सीटी स्कैन कराया था, जिसमें पता चला कि वो बढ़ रहा था। एक साल से अवसाद में था। राजीव ऐसा कदम उठा लेगा, यह किसी ने नहीं सोचा था। जघन्य वारदात से ग्रामीण भी स्तब्ध है। वही मानपुर चचरी गांव में हुई जघन्य वारदात के बारे में जिसने भी सुना और देखा वह सन्न रह गया। वित्तमंत्री सुरेश कुमार खन्ना भी गांव पहुंचे। उन्होंने परिजनों का ढाढ़स बंधाया। वही बरेली जोन के एडीजी रमित शर्मा और आईजी डॉ. राकेश सिंह ने गांव पहुंचकर मौका मुआयना किया। मृतकों के परिजनों से जानकारी की।।
बरेली से कपिल यादव