शाहगंज बवाल:पुलिस ने दर्ज किये मुकदमे,भाजयुमो नेताओं पर भी दर्ज हुआ डकैती का मुकदमा

आगरा। शाहगंज थाना क्षेत्र में युवती की मौत के बाद हुए बवाल में पुलिस ने देर रात तीन और मुकदमे दर्ज किए हैं।चिल्ली पाड़ा में 12 नवंबर की शाम वर्षा ने आत्महत्या कर ली थी। वर्षा की मौत के बाद भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के ब्रज क्षेत्र के महामंत्री गौरव राजावत, शहर अध्यक्ष शैलू पंडित कई पदाधिकारियों के साथ वर्षा की ससुराल पहुंचे थे। इनके साथ में सीओ लोहामंडी सौरभ सिंह और इंस्पेक्टर शाहगंज योगेंद्र सिंह भी थे। पदाधिकारियों ने ससुराली जनों पर वर्षा की हत्या का आरोप लगाया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। सीओ और इंस्पेक्टर के सामने ही बवाल हो गया। आईजी और एसएसपी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।

रात में विधायक योगेंद्र उपाध्याय और रामप्रताप चौहान के नेतृत्व में पदाधिकारी थाने पहुंच गए और आरोपियों खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने वर्षा के भाई दुष्यंत की तहरीर पर पति, सास, ससुर, ननद देवर के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। वहीं 24 घंटे के अंदर पति ससुर और देवर की गिरफ्तारी करके उन्हें जेल भी भेज दिया।

शनिवार रात पुलिस ने मामले में तीन मुकदमे दर्ज किए हैं। पहला मुकदमा चौकी इंचार्ज डिवीजन राकेश कुमार की तहरीर पर अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ बलवा, सरकारी कार्य में बाधा, पथराव और सात क्रिमिनल लॉ अमेंडमेंट एक्ट के तहत लिखा गया है। दूसरा मुकदमा गौरव राजावत की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ जानलेवा हमले की धारा में लिखा गया है। तीसरा मुकदमा शाहगंज बाजार स्थित रेडीमेड गारमेंट की दुकान के संचालक अमान बैग की तहरीर पर लिखा गया है। इसमें गौरव राजावत, शैलू पंडित नामजद किए गए हैं। दुकान में तोड़फोड़ मारपीट और रुपए लूटने का आरोप लगाया है।

एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि जो मुकदमे दर्ज हुए हैं, उनमें जांच शुरू हो गई है। उपद्रवियों को चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी।

– योगेश पाठक आगरा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *