शेरगढ़, बरेली। जनपद के थाना शेरगढ़ क्षेत्र मे दुल्हन की विदाई के बाद रिश्तेदारों के साथ कार से नगरिया सोबरनी गांव जा रहे युवक की कार मे अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे मे युवक की मौत हो गई जबकि कार सवार छह लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को बरेली के निजी अस्पताल भेजा। थाना शेरगढ़ क्षेत्र के गांव नगरिया सोबरनी निवासी कन्हई लाल की बेटी की बारात सोमवार शाम उत्तराखंड के रुद्रपुर आई थी। कस्बा स्थित एक बारात घर मे वैवाहिक कार्यक्रम हुए थे। मंगलवार सुबह विदाई के बाद सभी मेहमान अपने घर लौट रहे थे। इसी बीच कन्हई लाल के मौसेरे भाई रमेश कश्यप का बेटा राजकुमार निवासी वरा अजीतपुर उधमसिंह नगर अपने चाचा की कार लेकर शेरगढ़ से नगरिया सोबरनी जा रहा था। कार में उसका चचेरा भाई राजेश, दुल्हन की चाची, बुआ माया देवी और प्रवेश समेत दो अन्य लड़कियां सवार थी। शाही-शेरगढ़ मार्ग पर डेलपुर गांव मे आंबेडकर पार्क की पुलिया के पास अज्ञात वाहन ने सामने से कार मे टक्कर मार दी। जिससे कार मे सवार सभी सातों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के सामने से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी। कुछ ही देर मे ग्रामीणों की भीड़ भी मौके पर एकत्र हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया जहां कार चालक 20 वर्षीय राजकुमार को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। तथा अन्य छह लोगों की हालात गंभीर बनी हुई है। घटना से शादी की खुशियां मातम मे बदल गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि अज्ञात वाहन को खोजने का प्रयास किया जा रहा है।।
बरेली से कपिल यादव
