नवाबगंज, बरेली। जनपद की नगर पालिका नवाबगंज की पूर्व अध्यक्ष शहला ताहिर के पति डॉ. ताहिर और उनके परिजनों के खिलाफ कोर्ट ने कुर्की वारंट जारी किया था। पुलिस शनिवार को उनके घर का सामान कुर्क कर थाने में जमा करा दिया। पुलिस ने उनके एक भाई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक शहला ताहिर के पति डॉ. ताहिर की पहली पत्नी गजाला ने वर्ष 1993 में दहेज उत्पीड़न का एक मुकदमा दर्ज कराया था जिसमें ताहिर के अलावा उनके भाई मतीउननवी, लुतफुनवी, नवी हसन, मो. हसन सहित आठ लोगों को आरोपी बनाया गया था। इस मामले में कोर्ट के कुर्की और गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। शनिवार चौकी इंचार्ज विवेक कुमार और महिला इंस्पेक्टर सरिता चौधरी ने पीएसी के साथ पूर्व पालिका अध्यक्ष के पति डॉ. ताहिर के इस्लाम नगर स्थित आवास पर छापामारी की। पुलिस उनके बड़े भाई लुतफुननवी को गिरफ्तार कर थाने लाई। इसके बाद घर के सामान की कुर्की की। पुलिस को घर के सारे सामान की लिस्ट बनाने मे कई घंटे लग गए। पुलिस ने बताया कि वारंट मे से मतीउननबी, नवी हसन के साथ ही एक महिला की मौत होने की जानकारी मिली है। शेष लोगों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। पुलिस जब डॉक्टर ताहिर के घर की कुर्की कर रही थी तो उस समय बस्ती के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई थी। भीड़ को देखते हुए चौकी इंचार्ज को अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करना पड़ा था। मुकदमा दर्ज कराने के 32 साल बाद यह कुर्की की यह कार्रवाई हुई है।।
बरेली से कपिल यादव