व्हाइट गिफ्ट संडे पर क्राइस्ट चर्च में विशेष आराधना, झांकियां प्रस्तुत की

बरेली। व्हाइट गिफ्ट संडे पर सिविल लाइंस स्थित क्राइस्ट मेथोडिस्ट चर्च में रविवार को विशेष आराधना का आयोजन हुआ। रीटा बाला ने व्हाइट गिफ्ट संडे के महत्त्व पर प्रकाश डाला। बताया कि आज के दिन चर्च के सदस्य प्रभु यीशु मसीह के आदेशों का पालन करते हुए वॉर्न बेबी फोल्ड के बच्चों के लिए विशेष दान और उपहार भेंट करते हैं। वार्न बेबी फोल्ड 100 वर्ष पुरानी संस्था है। इसमें लावारिश, अनाथ और आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों का पालन पोषण और शिक्षा प्रशिक्षण का प्रबंध किया जाता है। इन्हीं बच्चों ने प्रभु यीशु मसीह के जन्म पर आधारित झांकियां प्रस्तुत की। जिन्हें देखकर लोग मंत्रमुग्ध हो गए। कार्यक्रम का आयोजन चर्च की महिला समिति और संस्था वार्न बेबी फोल्ड की ओर से किया गया। संस्था की अधीक्षिका प्रिमरोज एडमंड ने बताया कि क्रिसमस खुशियां बांटने का त्योहार है। मनुष्यों को यीशु मसीह के सिद्धांतों का पालन करते हुए अपनी खुशी को निर्धनों, असहायों और बेसहारों में अवश्य बांटना चाहिए। उन्होंने बताया कि इस दिन सभी सफेद कपड़े में उपहारों को पैक कराकर लाते हैं। जिससे यह पता न चले कि यह उपहार किसने दिया और समानता बनी रहे रहे और कोई भेदभाव न हो। इसलिए इस दिन को व्हाइट गिफ्ट संडे कहा जाता है। चर्च की महिला समिति ने भी अपने अनूठे अंदाज में प्रभु यीशु मसीह के जन्म का संदेश दिया। पादरी एडमंड एवं पादरी नंदा ने विशेष प्रार्थना की। एंजेलिना स्मार्ट ने यीशु मसीह के जन्म का गीत गया। बाइबल पाठ मिल्ड्रेड मसीह और रजनी चौहान ने पढ़ा। इस प्रार्थना सभा में रमणीक मैसी, शोभना मैसी, शैलेश स्मार्ट, सुनीता जोसफ, शमा, सिल्विया, ममता, कैरल आदि उपस्थित रहे। समापन चर्च के मुख्य पादरी सुनील कुमार मसीह के आशीष वचन से हुआ।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *