वीडीओ परीक्षा मे सॉल्वर बैठाने वाला आरोपी अभ्यर्थी गिरफ्तार

बरेली। जनपद मे दो साल पहले ग्राम विकास अधिकारी भर्ती परीक्षा में अपनी जगह बिहार से बुलाकर सॉल्वर बैठाने वाले अभ्यर्थी को रुहेलखंड चौकी प्रभारी ने गिरफ्तार कर लिया। उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेजा गया है। वर्ष 2023 मे जय नारायण कॉलेज मे ग्राम विकास अधिकारी की परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा में कूटरचित दस्तावेज के जरिये अभ्यर्थी मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा इलाके के गांव फतेहउल्लागंज निवासी विपिन कुमार की जगह बिहार के वैशाली जिले के रहुआ सहपुरा निवासी रतन कुमार बैठकर परीक्षा दे रहा था। जयनारायण कॉलेज के प्राचार्य रामदेव ने उस वक्त रतन कुमार के खिलाफ बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रतन कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। उस समय एसटीएफ ने भी सॉल्वर से पूछताछ की थी। बारादरी थाना प्रभारी धनंजय पांडेय ने बताया कि विवेचना के दौरान पुलिस ने धाराएं बढ़ा दी थीं। अपनी जगह सॉल्वर को बैठाने वाले विपिन का नाम पुलिस ने खोल दिया था। तभी से विपिन वांछित चल रहा था। मुकदमे के वर्तमान विवेचक रुहेलखंड चौकी प्रभारी मनीष भारद्वाज ने सोमवार को विपिन को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ मे विपिन ने बताया कि 26 जून 2023 को ग्राम विकास अधिकारी की परीक्षा उप्र अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने कराई थी। पढ़ाई में कमजोर होने के कारण कागजों में फर्जीवाड़ा कर रतन को अपनी जगह परीक्षा देने भेज दिया था। रतन ने परीक्षा देने के लिए एक लाख रुपये लिए थे। मामला दर्ज होने के बाद से विपिन छिपकर रह रहा था। बारादरी थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी का चालान किया गया है।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *