बरेली। विश्व अंगदान दिवस पर सक्षम संस्था द्वारा अंगदान के लिए प्रेरित करने के लिए राजेन्द्र नगर में बुधवार को कार्यक्रम का आयोजन किया। अध्यक्षता आयाम प्रमुख वेद प्रकाश कातिब व संचालन जिला सचिव रचना सक्सेना ने किया। इस अवसर सक्षम संस्था की प्रेरणा से मनोज सक्सेना को देहदान करने पर माला, पटका पहना कर और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। अंगदानकर्ता मनोज सक्सेना ने बताया अंगदान वह प्रक्रिया है जिसमें कोई व्यक्ति स्वेच्छा से अपने अंग या ऊतक किसी जरूरतमंद व्यक्ति को प्रत्यारोपण के लिए प्रदान करता है। ब्रज प्रांत आयाम प्रमुख वेद प्रकाश कातिब ने कहा कि अंगदान से हृदय, यकृत, गुर्दा, फेफड़ा, अग्न्याशय और आंत जैसे महत्वपूर्ण अंग और कॉर्निया, त्वचा, अस्थि-मज्जा जैसे ऊतक दान किए जा सकते हैं। एक व्यक्ति का अंगदान 8 लोगों की जान बचा सकता है और ऊतक दान से कई और लोगों की जिंदगी में बदलाव आ सकता है। जिलाध्यक्ष एएल गुप्ता ने बताया कि अंगदान से समाज में मानवता, सहानुभूति और सेवा भाव को बढ़ावा मिलता है। प्राकृतिक मृत्यु के पश्चात देहदान किया जा सकता है। इसमें नेत्र (कॉर्निया), हृदय वाल्ब, हड्डी, त्वचा आदि का इस्तेमाल किया जा सकता है, लेकिन केवल ब्रेन डेड के मामले में हृदय, यकृत, किडनी, फेफड़े, अग्न्याशय दान किए जा सकते हैं। इस अवसर पर कार्यक्रम में अविनाश सक्सेना, शिवकुमार बरतरिया, अमित आनंद, विवेक मोहन, संजीव सक्सेना, कुसुम लता, गुप्ता, रचना सक्सेना, किरन सक्सेना, डॉ सोमा गौड़, प्रमोद उपाध्याय, धनंजय शर्मा और नेहा सक्सेना आदि उपस्थित रहे।।
बरेली से कपिल यादव