फतेहगंज पूर्वी, बरेली। जिले के फतेहगंज पूर्वी क्षेत्र मे मानसिक रूप से कमजोर विवाहिता महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। परिजनो ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने विवाहिता का शव पोस्टमार्टम के लिए बरेली भेजा है। महिला के गले पर चोट के निशान से लोगों ने हत्या का आरोप लगाया है। थाना फतेहगंज पूर्वी क्षेत्र के गांव अतुनगला निवासी बाबूराम ने बताया कि उसकी भांजी लक्ष्मी की शादी की थी। पिता की मृत्यु होने के बाद वह अपने चाचा छेदालाल के साथ मोहल्ला लेखपाल कालोनी मे रहती थी। आरोप लगाया है कि रविवार सुबह चार बजे संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की मृत्यु हो गयी। वह मानसिक रूप से कमजोर थी। इसी वजह से उसके ससुराल वालों ने भी उसे छोड़ दिया था। पिता रामपाल की मृत्यु के बाद लक्ष्मी के चाचा छेदालाल उसको अपने पास रखकर उसकी देखभाल कर रहे थे। लक्ष्मी पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रही थी। आरोप है कि उसका उचित इलाज नही हो पाने के कारण रविवार सुबह उसकी मृत्यु हो गई। मृतक लक्ष्मी के मामा बाबूराम ने आरोप लगाया कि लक्ष्मी के गले पर कुछ चोट के निशान पाए गए हैं। इसके अनुसार लक्ष्मी के साथ मारपीट से मौत हुई है। बाबूराम की शिकायत पर थाना पुलिस ने लक्ष्मी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार के अनुसार लड़की के मामा की शिकायत पर पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।।
बरेली से कपिल यादव