बरेली। नगर निगम की टीम ने सोमवार को कुतुबखाना बाजार, श्यामगंज फ्लाईओवर और कर्मचारी भविष्य निधि कार्यालय के पास अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान अवैध ठेले और फड़ हटाए गए। इस दौरान दुकानदारों ने विरोध, लेकिन अभियान जारी रहा। लगभग साढ़े चार हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला गया। दोपहर करीब एक बजे अतिक्रमण हटाओ अभियान प्रभारी राजवीर सिंह के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। राजस्व निरीक्षक सच्चिदानंद टीम के साथ ही बुलडोजर लेकर कोतवाली से जिला अस्पताल होते हुए कुतुबखाना पहुंचे। इस दौरान सड़क किनारे फड़ लगाने वालों में अफरा-तफरी मच गई। कुतुबखाना चौराहा पर अतिक्रमण हटाने के दौरान कई दुकानदारों ने विरोध किया। टीम के साथ उनकी नोकझोंक भी हुई। बावजूद टीम किसी भी दबाव में नहीं आई। सभी अवैध फड़ और ठेले हटाए गए। टीम सिविल लाइंस क्षेत्र की ओर बढ़ी और चौकी चौराहा से प्रभा टाकिज के पास पहुंची। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के कार्यालय के आसपास बड़ी संख्या में ठेले और फड़ लगे थे। इनमें विशेष रूप से खाने और जूस के ठेले प्रमुख थे। टीम ने कई खोखे जब्त किए और अवैध रूप से जगह पर कब्जा जमाने वाले दुकानदारों को खदेड़ दिया। श्यामगंज रोड की ओर बढ़ते हुए टीम ने फ्लाईओवर से पहले रोड किनारे अवैध रूप से लगी दुकानों को हटाया। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने कहा कि अवैध अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएग। इसको लेकर पहले भी चेताया जा चुका है। शहर मे यातायात व सार्वजनिक सुरक्षा बनाए रखने के लिए अतिक्रमण हटाओ अभियान लगातार जारी रहेगा।।
बरेली से कपिल यादव
