विपणन निरीक्षक व साथी पर 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार

बरेली। एंटी करप्शन टीम ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए बहेड़ी मे कृषि उत्पादन मंडी समिति के विपणन निरीक्षक मनीष कुमार दुबे और एक प्राइवेट व्यक्ति अतुल गंगवार को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। टीम ने दोनों आरोपियों के खिलाफ देवरनियां थाने मे प्राथमिकी पंजीकृत कराई है। बहेड़ी के मलूकपुर निवासी सुनील कुमार ने एंटी करप्शन के अधिकारियों को शिकायती पत्र दिया था। इसमें आरोप लगाया था कि मंडी समिति मे सरकारी धान क्रय केंद्र पर वजन व खरीद प्रक्रिया के नाम पर विपणन निरीक्षक मनीष दुबे और अतुल गंगवार प्रति क्विंटल के हिसाब से 10 हजार रुपये की अवैध मांग कर रहे हैं। शिकायत का संज्ञान लेते हुए टीम प्रभारी जितेंद्र सिंह ने तत्काल कार्रवाई की योजना तैयार की और सोमवार दोपहर धान क्रय केंद्र परिसर में जाल बिछाकर दोनों आरोपियों को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। टीम ने गिरफ्तारी के दौरान बरामद की गई रिश्वत की राशि को सबूत के तौर पर कब्जे मे लिया। दोनों आरोपियों को मौके से हिरासत मे टीम बहेड़ी थाने ले गई और पूछताछ की। इसके बाद भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत थाना देवरनियां में मुकदमा दर्ज कराया। टीम प्रभारी जितेंद्र का कहना है कि सरकारी तंत्र मे भ्रष्टाचार को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नही किया जाएगा। इधर, एंटी करप्शन की इस कार्रवाई से क्षेत्र के किसानों और जनता में राहत की भावना है। संगठन ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी द्वारा अवैध धन की मांग की जाती है तो तुरंत इसकी सूचना दें।।

बरेली से कपिल यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *